खबर काम की
देहरादून (सीनियर रिपोर्टर)। उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी भूषण ने 76वें गणतंत्र दिवस पर देहरादून स्थित विधानसभा भवन में ध्वजारोहण किया। इस दौरान स्पीकर ने पुलिस परेड की सलामी भी ली।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि गणतंत्र दिवस देश की लोकतांत्रिक प्रणाली और भारतीय संविधान के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने भारतीय संविधान के उद्देशिका को जीवन में अपनाने और उसकी अवहेलना न करने की आवश्यकता पर बल दिया। साथ ही विधानसभा कर्मियों को संविधान उद्देशिका की शपथ भी दिलाई।
खंडूडी ने कहा कि हमारे संविधान के सिद्धांतों में स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व की भावना निहित है, जो हमारे देश की प्रगति और विकास में मार्गदर्शक बने हुए हैं। हमें अपने लोकतांत्रिक अधिकारों का सम्मान करते हुए अपने कर्तव्यों का पालन करना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को मिष्ठान वितरण भी किया गया। मौके पर अपर सचिव विधायी अरविन्द भट्ट, प्रभारी सचिव विधानसभा हेम पन्त, विशेष कार्यधिकारी अशोक शाह, विशाल शर्मा, दीप चन्द आदि मौजूद रहे।