Srinagar: मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने किया विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास

 

खबर काम की
श्रीनगर (गढ़वाल)। कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने शनिवार को श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा, खेल और सड़क विकास से जुड़ी विभिन्न योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। शिक्षा, खेल और आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करना सरकार की प्राथमिकता है।

मंत्री डॉ. रावत ने राजकीय इंटर कॉलेज श्रीनगर में पर्सनलाइज्ड एडैप्टिव लर्निंग लैब और अटल लैब का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति के तहत विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक आधारित शिक्षा से जोड़ना आवश्यक है। इन प्रयोगशालाओं के माध्यम से छात्र-छात्राओं को विज्ञान, तकनीक, रोबोटिक्स और डिजिटल शिक्षा का व्यावहारिक ज्ञान मिलेगा।

इसके बाद उन्होंने श्रीकोट-गंगानाली स्थित सीडीएस बिपिन सिंह रावत स्टेडियम में निर्माणाधीन एथलेटिक्स सिंथेटिक ट्रैक का निरीक्षण कर अधिकारियों को गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने पौड़ी-खिर्सू-श्रीनगर मोटर मार्ग से कोल्ठा गांव तक लगभग 79.51 लाख रुपये की लागत से बनने वाले दो किलोमीटर मोटर मार्ग का शिलान्यास भी किया। इसके अलावा विद्यालयों में मार्ग निर्माण, भवन अनुरक्षण, शौचालय निर्माण और मरम्मत कार्यों का भी लोकार्पण किया गया।

मौके पर ब्लॉक प्रमुख अनिल भंडारी, एसडीएम श्रीनगर नूपुर वर्मा, तहसीलदार दीपक भंडारी, जिला क्रीड़ा अधिकारी जयबीर सिंह रावत, सहायक अभियंता ग्रामीण निर्माण राजीव गर्ग आदि मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *