सीएम ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण और हरित उत्तराखंड का दिया संदेश

 

 

खबर काम की
ऋषिकेश हरेला पर्व के उपलक्ष में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने यमकेश्वर विकासखंड अंतर्गत मालागांव में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण और हरित उत्तराखंड का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने ’धन्वंतरि धाम हर्बल वर्ल्ड हिमालय’ का भ्रमण कर औषधीय वनस्पतियों, अनुसंधान गतिविधियों और आयुर्वेद में नवाचारों की जानकारी हासिल की। उन्होंने यहां ध्यान कुटी को भी देखा।

भ्रमण के दौरान सीएम धामी ने उत्तराखंड की समृद्ध जैव विविधता, हिमालयी औषधीय वनस्पतियों और पारंपरिक आयुर्वेदिक ज्ञान के संरक्षण और संवर्धन पर फोकस किया। कहा कि राज्य की यह प्राकृतिक धरोहर पूरे विश्व के लिए अमूल्य है। इसका संरक्षण और वैज्ञानिक शोध वर्तमान समय की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि इस दिशा में किए जा रहे प्रयास पर्यावरण संरक्षण को नई दिशा देने के साथ-साथ औषधीय पौधों के संवर्धन, आयुर्वेद आधारित अनुसंधान, हर्बल पर्यटन और स्थानीय युवाओं के लिए स्वरोजगार और आजीविका के नए अवसर भी सृजित करेंगे।

माला स्थित ’धन्वंतरि धाम हर्बल वर्ल्ड हिमालय’ देश का अपनी तरह का एक अनूठा हर्बल पार्क है, जहां देश के विभिन्न राज्यों व हिमालयी क्षेत्रों की दुर्लभ जड़ी-बूटियों और औषधीय पौधों का वैज्ञानिक ढंग से संरक्षण व संवर्धन किया जा रहा है।

कार्यक्रम में पतंजलि योगपीठ के संस्थापक स्वामी रामदेव, आचार्य बालकृष्ण, राज्य महिला आयोग अध्यक्ष कुसुम कंडवाल, विधायक रेनू बिष्ट, डीएम स्वाति एस. भदौरिया, एसएसपी सर्वेश पंवार, एसडीएम चतर सिंह चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष राजगौरव नौटियाल आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *