Dehradun: 20 जुलाई को भारी बारिश का रेड अलर्ट, विभागों को दिए 24 घंटे सतर्क रहने के निर्देश: डीएम 

 

खबर काम की
देहरादून। जनपद में आने वाले दिनों में भारी बारिश के मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनजर जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है। खासकर 20 जुलाई के लिए रेड अलर्ट पर डीएम डॉ. आशीष चौहान ने सभी संबंधित अधिकारियों और क्यूआरटी को 24 घंटे सतर्क रहने और आपात स्थिति से निपटने की पूरी तैयारी सुनिश्चित करने को कहा है।

डीएम डॉ. चौहान के निर्देश पर जिले का आपदा प्रबंधन एवं आपातकालीन प्रतिक्रिया तंत्र पूरी तरह सक्रिय कर दिया गया है। मौसम विभाग के अनुसार 18 और 19 जुलाई को ऑरेंज अलर्ट, 20 जुलाई को रेड अलर्ट व 21 जुलाई को फिर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान कई स्थानों पर भारी से अत्यंत भारी बारिश, जलभराव, भूस्खलन और नदी-नालों के जलस्तर में वृद्धि की आशंका जताई गई है।

जिलाधिकारी ने भूस्खलन और जलभराव वाले संवेदनशील क्षेत्रों में जेसीबी, राहत एवं बचाव उपकरणों और आवश्यक मानव संसाधन की अग्रिम तैनाती के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी आपदा या अप्रिय घटना की सूचना तत्काल जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को दी जाए। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें।

जिलाधिकारी ने लोगों से मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने, अनावश्यक रूप से नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में न जाने तथा प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *