Rishikesh: बेटी की शादी के जेवर और नकदी से भरा पर्स चोरी, पुलिस ने किया 24 घंटे में खुलासा

खबर काम की
ऋषिकेश।  बेटी की शादी के लिए खरीदे गए लाखों रुपये के सोने के आभूषण और नकदी से भरा पर्स चोरी होने के मामले का ऋषिकेश पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने मामले में आरोपी को योगनगरी रेलवे स्टेशन के पास से उस वक्त धर दबोचा जब ट्रेन से अन्यत्र भागने की फिराक में था। पुलिस का दावा है कि चोरी का लगभग पूरा माल बरामद कर लिया है।

केले खरीदने के दौरान हुई चोरी
कोतवाली पुलिस के अनुसार, मंसा देवी, गुमानीवाला निवासी सुमन राणा 18 अगस्त को अपनी बेटी की शादी के लिए बैंक ऑफ बड़ौदा से सोना लेकर आई थीं। इसके बाद पंवार ज्वैलर्स पर तीन सोने की चेन में टांके लगवाए गए। उन्होंने तीन सोने की चेन, सोने का नेकलेस, झुमकी, दो जोड़ी कान के टॉप्स, चांदी का ब्रेसलेट और 64 हजार रुपये नकद भूरे रंग के पर्स में रखे थे। यह पर्स उन्होंने एक बड़े काले पर्स के अंदर रखा था। हरिद्वार रोड स्थित भरत विहार गेट के पास वह केले खरीदने के लिए रुकीं और ठेली संचालक को गूगल-पे से 50 रुपये का भुगतान किया। घर पहुंचने पर उन्हें पर्स गायब होने का पता चला। शिकायत के आधार पर कोतवाली ऋषिकेश में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

बिहार भागने की फिराक में था आरोपी
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने आसपास के क्षेत्र में जानकारी जुटाने के साथ मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। 19 अगस्त को पुलिस को सूचना मिली कि मामले में वांछित आरोपी राजकुमार योगनगरी रेलवे स्टेशन की ओर गया है और बिहार भागने की तैयारी में है। सूचना पर पुलिस ने स्टेशन के पास घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास लाल कपड़े में लिपटा भूरे रंग का पर्स मिला, जिसमें चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण और नकदी बरामद हुई। पीड़िता को मौके पर बुलाकर सामान की शिनाख्त कराई गई, जिसे उन्होंने अपना चोरी हुआ सामान बताया।

वरिष्ठ उप निरीक्षक नवीन जोशी ने हत्थे चढ़े आरोपी की पहचान राजकुमार पुत्र स्वर्गीय शिव शाह, निवासी सिसवा सरियामन, थाना बैरिया, जनपद बेतिया, बिहार के रूप में कराई है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी को मेडिकल परीक्षण के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।

इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक यशपाल सिंह बिष्ट, वरिष्ठ उपनिरीक्षक नवीन जोशी, उपनिरीक्षक अमित कुमार, कांस्टेबल गौरव यादव और कांस्टेबल अंकुर कुमार शामिल रहे।