खबर काम की
देहरादून/ऋषिकेश। कोतवाली पुलिस ने भूमि एवं पारिवारिक विवादों में लोगों को डराने-धमकाने, मारपीट, अवैध वसूली और ब्लैकमेलिंग जैसी गतिविधियों के आरोप में कथित रूप से लिप्त गैंग लीडर जगजीत उर्फ जग्गा सहित तीन आरोपियों को गैंगस्टर एक्ट के तहत गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक जग्गा की निशानदेही पर उसके घर से “KING OF उत्तराखण्ड” लिखा बोर्ड भी बरामद किया है।
कोतवाली पुलिस के मुताबिक जगजीत उर्फ जग्गा स्वयं को “किंग ऑफ उत्तराखंड” बताकर लोगों पर प्रभाव जमाता था। आरोपी और उसके साथियों पर वर्ष 2016 से 2026 के बीच विभिन्न आपराधिक गतिविधियों से संबंधित 11 अभियोग दर्ज बताए गए हैं।
कोतवाली पुलिस के अनुसार गिरोह भूमि और पारिवारिक विवादों में हस्तक्षेप कर पक्षकारों को डराने-धमकाने तथा अपने प्रभाव से विवादों को जबरन सुलझाने का प्रयास करता था। लोगों की फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर कथित तौर पर वसूली और ब्लैकमेलिंग की जाती थी। इसके अलावा घरों में घुसकर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने जैसे आरोप भी पुलिस ने लगाए हैं।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक यशपाल सिंह बिष्ट ने बताया कि गिरोह ने क्षेत्र में भय का माहौल बना रखा था, जिसके कारण लोग इनके खिलाफ शिकायत करने से भी डरते थे।
गैंगस्टर एक्ट में मुकदमा दर्ज
सक्षम न्यायालय से अनुमोदन प्राप्त होने के बाद कोतवाली ऋषिकेश में मु0अ0सं0 405/2026, धारा 2(ख)(i), 2(ख)(iii)/3 गिरोहबन्द एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले में गैंग लीडर जगजीत उर्फ जग्गा समेत उसके तीन साथियों को नामजद किया गया है, जिनमें से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
गैंग सदस्य प्रणव उर्फ राघव बत्रा, उम्र 20 वर्ष, निवासी सोमेश्वर नगर, ऋषिकेश, दीपेश कुमार, उम्र 27 वर्ष, निवासी कृष्णानगर कॉलोनी, आईडीपीएल के पास, ऋषिकेश।
एक आरोपी अभी फरार
मामले में नामजद रवि गुप्ता, निवासी शिवाजी नगर, ऋषिकेश, की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम द्वारा संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
11 आपराधिक मामलों का रिकॉर्ड
पुलिस के अनुसार आरोपी जगजीत उर्फ जग्गा एवं उसके गिरोह से जुड़े आपराधिक मामलों में वर्ष 2016 से 2026 के बीच कुल 11 अभियोग दर्ज हैं। इनमें मारपीट, धमकी, अवैध गतिविधियों और अन्य गंभीर धाराओं से संबंधित मामले शामिल हैं।
