Rishikesh: अंकिता भंडारी को 4 साल बाद भी नहीं मिला न्याय, कांग्रेसियों ने दी श्रद्धांजलि 

 

 

खबर काम की
ऋषिकेश (रिपोर्टर)। अंकिता भंडारी मामले में सीबीआई की धीमी जांच से भड़की उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने गंगाभोगपुर में प्रदर्शन किया। साथ ही अंकिता भंडारी की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा एवं धरना कार्यक्रम आयोजित किया।

कार्यक्रम में अंकिता भंडारी को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए मौन रखा गया। मामले की सीबीआई जांच में देरी को लेकर कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं ने राज्य की भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। धरना प्रदर्शन में प्रदेश कांग्रेस के शीर्ष नेताओं ने भाग लेकर अंकिता भंडारी के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और सरकार पर मामले की लीपापोती करने का आरोप लगाया। ​प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि सरकार शुरू से ही इस संवेदनशील मामले में सीबीआई जांच कराने से बचती रही है।

जिससे स्पष्ट होता है कि किसी को बचाने की कोशिश की जा रही है। ​चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि जब तक अंकिता भंडारी के परिवार को पूर्ण न्याय और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा नहीं मिल जाती, कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी। चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत ने प्रदेश में कानून-व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा के दावों पर सवाल उठाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा कि जब तक अंकिता को पूर्ण न्याय नहीं मिलता कांग्रेस सड़कों पर उतरती रहेगी। उन्होंने बेटियों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए और राज्य में क्राइम का ग्राफ बढ़ने का दावा किया। उन्होंने मामले में वीआईपी का नाम उजागर करने की मांग को फिर से दोहराया है।

कार्यक्रम का संयोजन प्रदेश महासचिव जयेंद्र रमोला की देखरेख में संपन्न हुआ। वक्ताओं ने एक सुर में कहा कि अंकिता को न्याय दिलाना पूरे उत्तराखंड के स्वाभिमान की लड़ाई है। यह आंदोलन सड़क से लेकर सदन तक जारी रहेगा। महिला कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला, प्रदेश महासचिव राजपाल खारोला व दीप शर्मा, राकेश अग्रवाल, विनय सारस्वत, ऋषिकेश नगर अध्यक्ष ललित मोहन, ओम गोपाल रावत, पूर्व कैबिनेट मंत्री शूरवीर सिंह सजवान, विनय सारस्वत, राकेश मियां, राजेंद्र गैरोला, मधु जोशी, रवि जैन, देवेंद्र प्रजापति, सत्य कपरुवान आदि मौजूद रहे।