आईडीपीएल मैदान में 20 नवंबर को धूमधाम से मनाया जाएगा इगास पर्व, जागर सम्राट प्रीतम भरतवाण देंगे सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और सांसद अनिल बलूनी करेंगे शिरकत
खबर काम की
ऋषिकेश। उत्तराखंड की लोक संस्कृति, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन के उद्देश्य से तीर्थनगरी ऋषिकेश में आगामी 20 नवंबर को इगास बग्वाल महोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। आईडीपीएल मैदान में शाम चार बजे से आयोजित होने वाले इस महोत्सव में लोक संस्कृति के विविध रंग देखने को मिलेंगे। कार्यक्रम में गढ़वाल के प्रसिद्ध जागर सम्राट प्रीतम भरतवाण अपनी टीम के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे।
सोमवार को रेलवे रोड स्थित एक होटल में आयोजित पत्रकार वार्ता में कार्यक्रम की संयोजक एवं नगर निगम ऋषिकेश की पूर्व महापौर अनिता ममगाईं ने बताया कि पिछले आठ वर्षों से उत्तराखंड की लोक परंपराओं, रीति-रिवाजों और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने के उद्देश्य से इगास महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में इस वर्ष भी 20 नवंबर, शुक्रवार को आईडीपीएल मैदान में भव्य कार्यक्रम आयोजित होगा।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की लोक संस्कृति और परंपराएं हमारी पहचान हैं। आधुनिकता के दौर में कई लोक मान्यताएं और सांस्कृतिक परंपराएं धीरे-धीरे विलुप्त होती जा रही हैं। ऐसे में जरूरी है कि नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और पारंपरिक त्योहारों से जोड़ा जाए। इगास बग्वाल केवल एक पर्व नहीं, बल्कि उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और लोक आस्था का प्रतीक है। सभी को मिलकर इन परंपराओं को जीवंत रखने का प्रयास करना चाहिए।
इगास बग्वाल के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए अनिता ममगाईं ने बताया कि उत्तराखंड के वीर सपूत माधो सिंह भंडारी की तिब्बत युद्ध में विजय की सूचना ग्यारह दिन बाद जब प्रदेश पहुंची, तो इस खुशी में लोगों ने दीपावली के ग्यारह दिन बाद इगास बग्वाल मनाने की परंपरा शुरू की। इसे बूढ़ी दिवाली के नाम से भी जाना जाता है।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री एवं सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत तथा गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी विशेष रूप से मौजूद रहेंगे। महोत्सव में जागर सम्राट प्रीतम भरतवाण और उनकी टीम की प्रस्तुतियों के साथ भैलो नृत्य और पारंपरिक मंडाण आकर्षण का केंद्र रहेंगे। इसके अलावा उत्तराखंड के पारंपरिक पहाड़ी व्यंजनों के स्टॉल भी लगाए जाएंगे, जहां लोगों को पहाड़ के खानपान का स्वाद चखने का अवसर मिलेगा।
पत्रकार वार्ता में समाज सेवी आकाश जैन, घाट रोड व्यापार मंडल अध्यक्ष पवन शर्मा, भाजपा नेता पंकज शर्मा, पार्षद मुस्कान, पार्षद सिमरन उप्पल, पार्षद राजेश कोठियाल,पार्षद आशु ढंग, पार्षद गौरव कैंथोला,पार्षद प्रतिनिधि वीरेंद्र भारद्वाज, राजेश नौटियाल मौजूद रहे।
