हरिद्वार कुंभ में लगेगा 45 दिनी नेत्र महाशिविर, डेढ़ लाख श्रद्धालुओं की जांच और 10 हजार ऑपरेशन का लक्ष्य: मुख्यमंत्री

 

खबर काम की
देहरादून। हरिद्वार कुंभ-2027 में 12 जनवरी से 25 फरवरी तक नेत्र चिकित्सा महाशिविर आयोजित किया जाएगा। इसमें डेढ़ लाख श्रद्धालुओं की निःशुल्क नेत्र जांच, एक लाख चश्मों का वितरण और 10 हजार नेत्र ऑपरेशन का लक्ष्य रखा गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रविवार को दून मेडिकल कॉलेज में नेत्र कुंभ-2027 के शंखनाद कार्यक्रम में शामिल हुए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नेत्र कुंभ मानव सेवा और परोपकार की भारतीय सांस्कृतिक परंपरा को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण अभियान है। शिविर में निःशुल्क दवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने आयोजन समिति को आश्वस्त किया कि अभियान की सफलता के लिए राज्य सरकार और कुंभ मेला प्रशासन हरसंभव सहयोग करेंगे।

धामी ने कहा कि आर्थिक अभाव और चिकित्सा सुविधाओं की कमी के कारण अनेक लोग आंखों की जांच और उपचार नहीं करा पाते। ऐसे लोगों तक निःशुल्क चिकित्सा पहुंचाना सराहनीय है। नेत्र कुंभ की शुरुआत वर्ष 2019 में प्रयागराज कुंभ से हुई थी। इसके बाद हरिद्वार, प्रयागराज महाकुंभ और राजस्थान के रामदेवरा में आयोजन हुए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कुंभ में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचेंगे। सरकार भव्य, दिव्य और सुरक्षित आयोजन के साथ यातायात व पैदल आवागमन की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने में जुटी है। उन्होंने सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं और चिकित्सा जगत से नेत्र कुंभ अभियान में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।

मौके पर स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल, हंस फाउंडेशन संस्थापक माता मंगला, आरएसएस पश्चिमी उत्तरप्रदेश के क्षेत्र प्रचारक महेंद्र कुमार, सक्षम के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. दयाल सिंह पंवार, आयोजन समिति अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन, सक्षम उत्तराखंड के प्रांत अध्यक्ष ललित प्रसाद पंत, सुरेंद्र मित्तल, डॉ. अनुज सिंघल आदि मौजूद रहे।