मुख्यमंत्री ने खनसर घाटी के माईथान के लिए की घोषणाएं

खबर काम की
गैरसैंण (चमोली गढ़वाल) (सीनियर रिपोर्टर)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गैरसैंण विकासखण्ड स्थित माईथान, खनसर में आयोजित जन्माष्टमी महाकौथिग में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास के लिए कई घोषणाएं की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि माईथान मां-भगवती का पवित्र स्थान है। मां भगवती की कृपा से यह क्षेत्र बेहद संपन्न और समृद्ध है। उन्होंने कहा कि कहा कि खनसर घाटी का यह महाकौथिग आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। इन मेलों से ही नई पीढ़ी अपनी विरासत से जुड़ती है। यह लोक कलाकारों को भी मंच प्रदान करते हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। कहा कि आज प्रदेश की मातृशक्ति हर क्षेत्र में आगे बढ़ कर आत्मनिर्भर बन रही है। स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाएं विश्वस्तरीय उत्पाद बना रही हैं। प्रदेश सरकार मातृशक्ति को और सक्षम एवं समृद्ध बनाने के लिए विभिन्न योजनाओं को संचालित कर रही है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने महिला समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों को देश- दुनिया तक पहुंचाने के लिए “हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड” को स्थापित किया है। साथ ही प्रदेश सरकार द्वारा महिला समूहों को तीन लाख रुपये तक ऋण बिना ब्याज के उपलब्ध करा रही है।

मुख्यमंत्री ने स्थानीय जनता का आह्वान किया कि मेले में सभी लोग बढ़-चढ़कर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। मौके पर कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल ने मुख्यमंत्री का आभार जताया। प्रदेश सरकार के विभिन्न जनकल्याणकारी फैसलों के बारे में जनता को बताया। मौके पर भाजपा प्रदेश प्रवक्ता सतीश लखेड़ा आदि मौजूद थे।

सीएम ने यह की घोषणाएं
उन्होंने महिला एवं युवक मंगल दलों को 25-25 हजार रुपये देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने रामगंगा नदी में आवश्यक बाढ़ सुरक्षात्मक कार्य किए जाने, मालकोट में पुल या बेली ब्रिज बनाने, माईथान में जिला सहकारी बैंक की शाखा खोलने, शिशु मंदिर माईथान को सीएसआर के माध्यम से धनराशि उपलब्ध कराने एवं विनायकधार-कस्बीनगर मोटरमार्ग के जल्द निर्माण की घोषणा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *