राधा रतूड़ी ने  विभिन्न योजनाओं के रिवाइज्ड स्टीमेट का किया अनुमोदन

 

खबर काम की
देहरादून (सीनियर रिपोर्टर)। मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने व्यय वित्त समिति (ईएफसी) की बैठक में मास्टर प्लान के तहत बदरीनाथ में 33/11 केवी सब स्टेशन और एचटी/एलटी लाइन निर्माण कार्य, राज्य योजना के तहत जनपद बागेश्वर में बागेश्वर-अमसरकोट से नंदीगांव तक मोटर मार्ग निर्माण के साथ ही बदरीनाथ परिक्षेत्र में एनएचपीसी प्रायोजित सिविक एमिनिटी भवन निर्माण कार्य के पुनरीक्षित आगणन पर अनुमोदन प्रदान किया।

गुरुवार को सचिवालय में मुख्य सचिव राधा रतूड़ी की अध्यक्षता व्यय वित्त समिति की बैठक हुई। जिसमें बदरीनाथ धाम मास्टर प्लान के अन्तर्गत बदरीनाथ में 33/11 केवी सब स्टेशन 2×5 MVA तथा 33 केवी व 11 केवी की एचटी/एलटी लाइन के निर्माण कार्य पूर्ण होने बदरीनाथ में 24×7 विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करायी जा सकेगी। 33/11 केवी के सब-स्टेशन तथा 33 केवी Bay का निर्माण किए जाने तथा पाण्डूकेश्वर सब-स्टेशन से बदरीनाथ तक 19.5 किमी 33 केवी की विद्युत लाइन निर्माण के साथ 11 केवी अण्डर ग्राउण्ड विद्युत लाइन का निर्माण कराया जाएगा। इस प्रोजेक्ट के तहत यूपीसीएल द्वारा बदरीनाथ में उत्तराखण्ड का पहला Gsa Insulated Substation (GIS) स्थापित किया जाएगा।

राज्य योजना के अन्तर्गत जनपद बागेश्वर के अन्तर्गत बागेश्वर-अमसरकोट मोटर मार्ग से नंदीगांव तक मोटर मार्ग के निर्माण कार्य हेतु ₹830.58 लाख पुनरीक्षित आगणन पर अनुमोदन प्रदान करते हुए मुख्य सचिव कहा कि यह मार्ग विकासखंड बागेश्वर के अन्तर्गत एक महत्वपूर्ण ग्रामीण मार्ग है। इस मार्ग से नदीगांव क्षेत्र की जनता लाभान्वित होगी। इस मार्ग हेतु अन्य किसी स्थान से वैकल्पिक समरेखन सम्भव नहीं है। अतः वर्तमान समरेखन में ही मार्ग निर्माण किया जाना संभव होगा। सीएस ने निर्माण कार्यों के दौरान समयबद्धता तथा उच्च गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए हैं।

बदरीनाथ धाम परिक्षेत्रान्तर्गत एनएचपीसी द्वारा प्रायोजित सिविक एमिनिटी भवन निर्माण हेतु ₹2566.71 लाख के पुनरीक्षित आगणन पर सहमति प्रदान करते हुए मुख्य सचिव ने कहा कि विगत वर्षों में धाम में पहुंचने वाले तीर्थयात्रियों की संख्या में अप्रत्याशित वृद्धि हो रही है, जिसके फलस्वरूप तीर्थयात्रियों व बदरीनाथ में अन्तर्गत निवासरत और अन्य जनमानस व स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने हेतु हाट (बाजार), यात्रियों व विशिष्ट और अति विशिष्ट महानुभावों की विश्राम व्यवस्था इत्यादि की भारी कमी को देखते हुए प्रधानमंत्री के द्वारा बदरीनाथ में मास्टर प्लान की घोषणा की गई है तथा जिसके तहत सिविक एमिनिटी भवन के निर्माण का कार्य निहित है।

बैठक में सचिव सचिन कुर्वे, पंकज कुमार पाण्डेय सहित सम्बन्धित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।