संवेदनशली जगहों पर नदी-नालों के किनारे नहीं होगा अब नया निर्माण

 

आला अधिकारियों के साथ बैठक में धामी ने दिए निर्देश

 

 

खबर काम की
देहरादून (सीनियर रिपोर्टर)।  मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आपदा की दृष्टि से संवेदनशली जगहों पर नई बसावट और निर्माण को अनुमति नहीं दी जाएगी। यही नहीं नदी और नालों के किनारों पर भी सरकारी और निजी निर्माण पर भी प्रतिबंध होगा।

सोमवार को सीएम धामी ने मुख्यमंत्री आवास में राज्य में आपदा प्रबंधन व सुरक्षा को लेकर आला अधिकारियों के साथ बैठक की। कहा कि प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन, हिमस्खलन और अन्य प्राकृतिक आपदाओं की दृष्टि से संवेदनशील स्थानों को तत्काल चिह्नित किया जाए। ताकि संभावित खतरे से पहले ही सतर्कता बरती जा सके।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि चिह्नित संवेदनशील स्थलों पर किसी भी प्रकार की नई बसावट या नए निर्माण कार्य की अनुमति नहीं दी जाएगी। प्राकृतिक जलस्रोतों, नदियों और नालों के किनारों पर भी सरकारी या निजी निर्माण कार्य प्रतिबंधित रहेगा। इसके लिए जिलाधिकारियों को स्पष्ट दिशानिर्देश जारी किए जाएं।

उन्होंने चेताया कि निर्देशों का उल्लंघन करने वाले अधिकारियों पर सख्त अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी। कहा कि आपदा से बचाव के लिए रोकथाम के उपायों को प्राथमिकता दी जाए। कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों में जनहित के मद्देनजर ठोस एवं प्रभावी कदम उठाए जाएं।

बैठक में प्रमुख सचिव आर. के. सुधांशु, आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव शैलेश बगौली, अपर पुलिस महानिदेशक ए.पी. अंशुमान, विशेष सचिव डॉ. पराग मधुकर धकाते और अपर सचिव बंशीधर तिवारी मौजूद थे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *