खबर काम की
पिथौरागढ़। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ऐतिहासिक जौलजीबी मेले का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने जनपद को 102.72 करोड़ रुपये की 25 विकास योजनाओं की सौगात दी। इनमें 102.48 करोड़ रुपये की 24 योजनाओं का शिलान्यास और 24 लाख रुपये की एक योजना का लोकार्पण शामिल है। मुख्यमंत्री ने मेले के आयोजन के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा भी की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जौलजीबी मेला भारत और नेपाल की साझा सांस्कृतिक विरासत, आपसी सौहार्द और व्यापारिक संबंधों का जीवंत प्रतीक है। सदियों से यह मेला दोनों देशों के लोगों को सामाजिक, सांस्कृतिक और व्यापारिक रूप से जोड़ता आ रहा है। भारत, नेपाल और तिब्बत के बीच ऐतिहासिक व्यापारिक एवं सांस्कृतिक संबंधों में इसका विशेष महत्व रहा है।
उन्होंने कहा कि जौलजीबी मेले से उनका बचपन से विशेष लगाव रहा है। ऐसे आयोजन हमारी सांस्कृतिक पहचान को जीवंत रखने के साथ नई पीढ़ी को अपनी जड़ों और परंपराओं से जोड़ते हैं। मेलों के माध्यम से लोक कलाकारों, स्थानीय उत्पादों और पारंपरिक व्यवसायों को भी प्रोत्साहन मिलता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार उत्तराखंड के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। सीमांत क्षेत्रों का विकास सरकार की विशेष प्राथमिकता है। इन क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यटन सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सीमांत क्षेत्रों में साहसिक पर्यटन और लोकसंस्कृति के माध्यम से स्थानीय युवाओं के लिए स्वरोजगार की व्यापक संभावनाएं हैं। विश्वास जताया कि स्वीकृत विकास योजनाओं से जनपद में आधारभूत सुविधाएं मजबूत होंगी। विशेष रूप से सड़क संपर्क, पेयजल आपूर्ति, आपदा सुरक्षा और पर्यटन सुविधाओं के विस्तार से ग्रामीण एवं सीमांत क्षेत्रों के लोगों को लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री द्वारा शिलान्यास की गई प्रमुख योजनाओं में 23.26 करोड़ रुपये की लागत से पिथौरागढ़ में नवीन राज्य अतिथि गृह (सर्किट हाउस), 13.38 करोड़ रुपये की घाट पंपिंग पेयजल योजना, 36.10 करोड़ रुपये की खोतिला व घाटधार क्षेत्र की बाढ़ सुरक्षा योजना और 8.80 करोड़ रुपये की लागत से रामगंगा नदी पर मोटर सेतु का निर्माण शामिल है। इसके अलावा सड़क, पेयजल, शिक्षा, पर्यटन और सिंचाई से जुड़ी योजनाओं का भी शिलान्यास किया गया।
वहीं, कनालीछीना विकासखंड में संपर्क मार्ग और हिमालय दर्शन शेड से संबंधित कार्यों का लोकार्पण किया। मेले में भारत और नेपाल के व्यापारियों की सहभागिता के साथ पारंपरिक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। कार्यक्रम को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने भी संबोधित किया।
मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद, विधायक डीडीहाट बिशन सिंह चुफाल, विधायक धारचूला हरीश धामी, महापौर कल्पना देवलाल, भानुप्रताप सिंह पाल, डीएम आशीष कुमार भटगाईं, एसपी अक्षय प्रहलाद कोंडे आदि मौजूद रहे।
