ऋषिकेश नगर निगम ने दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए 178 निराश्रित गोवंश को पहुंचाया गोशाला

 

 

खबर काम की
देहरादून (सीनियर रिपोर्टर)। ऋषिकेश नगर निगम ने शहर की सड़कों पर निराश्रित गोवंश से दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया। शुक्रवार को निगम की टीम ने 10 से 15 बड़े वाहनों में लगभग 178 निराश्रित गोवंश को पकड़कर गैडीखाता स्थित कृष्णायन गोशाला पहुंचाया।

बता दें कि मेयर शंभू पासवान और पशु कल्याण आयोग के उपाध्यक्ष (राज्यमंत्री) सुरेंद्र मोघा ने तीन दिन पहले निराश्रित गोवंश को सड़कों से हटाने की पहल की थी। जिसके तहत निगम ने अगले महीनों में शहर एवं आसपास के मार्गों से लगभग 600 निराश्रित गोवंश को गोशालाओं में शिफ्ट करने का लक्ष्य रखा है।

महापौर पासवान ने कहा कि ऋषिकेश नगर के लिए लावारिस गोवंश बड़ी चुनौती हैं। उन्हें गोशालाओं में शिफ्ट करने के साथ ही नगर के लिए एक बड़ी गोशाला के निर्माण की योजना भी जल्द शुरू की जाएगी। सुरेंद्र मोघा ने आश्वस्त किया कि पशु कल्याण आयोग इस अभियान में नगर निगम को पूरा सहयोग देगा।

अभियान का मौके पर निरीक्षण कर रहे नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल ने टीम के कार्य पर संतोष जताते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *