खबर काम की
देहरादून। पुष्कर सिंह धामी ने सरकारी कार्यालयों और कार्यस्थलों पर अधिकारियों, कर्मचारियों और शिक्षकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मुख्य सचिव को मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
मंगलवार को उत्तराखंड अधिकारी कर्मचारी शिक्षक मोर्चा के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री आवास में सीएम धामी से मुलाकात की। उन्होंने सीएम को 21 फरवरी को प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय में हुई घटना सहित हाल के दिनों में विभिन्न स्थानों पर सरकारी अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ हुई घटनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने ऐसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की।
मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि राज्य सरकार कार्मिकों के मान-सम्मान और सुरक्षा को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने तत्काल मुख्य सचिव को फोन कर अधिकारियों, कर्मचारियों और शिक्षकों की सुरक्षा के लिए विस्तृत एसओपी तैयार करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को भी निर्देशित किया कि सभी सरकारी कार्यालयों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं। इस प्रकार की घटनाओं में त्वरित कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून को शिक्षा निदेशालय में हुई घटना में शामिल दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
इस अवसर पर राज्य औषधीय पादप बोर्ड के उपाध्यक्ष प्रताप सिंह पंवार, उत्तराखण्ड अधिकारी कर्मचारी शिक्षक मोर्चा के अध्यक्ष राम सिंह चौहान, महामंत्री मुकेश बहुगुणा आदि मौजूद रहे।
