खबर काम की
देहरादून। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में ग्रामीण वेग वृद्धि परियोजना (आरईएपी) की उच्चाधिकार एवं मार्गदर्शन समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में सचिव डीएस गर्ज्याल ने वर्ष 2025-26 की प्रगति रिपोर्ट और वित्तीय वर्ष 2026-27 की प्रस्तावित वार्षिक कार्ययोजना व बजट रखा।
समिति ने वर्ष 2026-27 के लिए ₹677.75 करोड़ की वार्षिक कार्ययोजना को अनुमोदित किया। योजना में स्वरोजगार, आजीविका संवर्धन, आय सृजन, स्थानीय संसाधन विकास और कृषि व सहायक गतिविधियों को बढ़ावा देने संबंधी कार्यक्रमों को वित्तीय व प्रशासनिक स्वीकृति दी गई।
मुख्य सचिव ने वर्ष 2026-27 में 2.5 लाख महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ बनाने का लक्ष्य तय करते हुए निर्देश दिए कि आरईएपी से लाभान्वित महिलाओं को अन्य केंद्र व राज्य योजनाओं से भी जोड़ा जाए। उन्होंने योजनाओं के प्रभावी कन्वर्जेंस और लाभार्थियों के आर्थिक-सामाजिक सशक्तिकरण पर जोर दिया।
साथ ही, समान प्रकृति के महिला स्वयं सहायता समूहों की पहचान कर उन्हें बेहतर सहयोग देने, जनपद स्तर पर समन्वय बैठकें आयोजित करने और समाधान आधारित कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। ग्रामीण ग्रोथ सेंटरों के बेहतर उपयोग के लिए ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ के माध्यम से ठोस रणनीति बनाने को भी कहा गया।
बैठक में अपर सचिव गिरधारी सिंह रावत, नवनीत पांडेय, झरना कमठान आदि अधिकारी मौजूद रहे।
