Uttrakhand: सिविल सेवा परीक्षा में चयनित बेटियों की सफलता राज्य के लिए प्रेरणादायकः मुख्यमंत्री

 

 

 

खबर काम की
खटीमा।  उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की सिविल सेवा परीक्षा में चयनित प्रदेश की तीन प्रतिभाशाली बेटियों को सम्मानित कर उनकी उपलब्धि को राज्य के लिए प्रेरणादायक बताया।

मुख्यमंत्री ने नगला तराई स्थित अपने निजी आवास में में किच्छा की शांभवी तिवारी, काशीपुर की प्रिया चौहान और भीमताल की सौम्या गर्ज्याल से संवाद कर उन्हें बधाई दी। सीएम धामी ने कहा, इन बेटियों ने न केवल अपने परिवार, बल्कि जिले और प्रदेश का नाम भी रोशन किया है।

उन्होंने कहा कि यह सफलता युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है, यह उनके समर्पण, अनुशासन और कठिन परिश्रम का परिणाम है। मुख्यमंत्री ने उन्हें पुस्तक, उपहार और शॉल भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही बेटियों के परिजनों से भी बातचीत कर उन्हें शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने जिला पर्यटन विकास अधिकारी लता बिष्ट को भी सम्मानित किया। बिष्ट ने भारतीय पर्वतारोहण फाउंडेशन नई दिल्ली द्वारा आयोजित माउंट चंद्रभागा-13 (6264 मीटर) और माउंट चंद्रभागा-14 (6074 मीटर) के सफल पर्वतारोहण अभियान का टीम लीडर के रूप में नेतृत्व किया। सीएम ने उन्हें शॉल और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया।

मौके पर डीएम नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति, सीडीओ दिवेश शाशनी, एएसपी डॉ. उत्तम सिंह नेगी, एसडीएम तुषार सैनी, पीओ व्योमा जैन आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *