Uttrakhand: हीट वेव पर अलर्ट मोर्ड में प्रशासन, सभी विभागों को जारी किए सख्त निर्देश: डीएम

 

 

खबर काम की
देहरादून। जनपद में लगातार बढ़ती गर्मी और संभावित हीट वेव को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (DEOC) को 24×7 सक्रिय कर दिया गया है, जबकि स्वास्थ्य, पेयजल, विद्युत, नगर निकाय, शिक्षा, श्रम और आपदा प्रबंधन सहित सभी विभागों को व्यापक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून के पूर्वानुमान के अनुसार आगामी दिनों में तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि होने की संभावना है। दून सहित मैदानी क्षेत्रों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। विशेष रूप से जौलीग्रांट और डोईवाला क्षेत्रों में भीषण गर्मी पड़ने के आसार जताए गए हैं।

डीएम ने स्वास्थ्य विभाग को सभी अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में ORS, IV Fluids, आवश्यक दवाइयों और चिकित्सा सुविधाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन के मरीजों के लिए विशेष चिकित्सा व्यवस्था बनाए रखने को कहा गया है।

नगर निकायों को बाजारों, बस अड्डों, रेलवे स्टेशन और प्रमुख चौराहों पर पेयजल, वाटर टैंकर, छायादार स्थल और अस्थायी विश्राम केंद्र बनाने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने तथा जल संस्थान को नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए हैं।

निर्माण स्थलों और औद्योगिक इकाइयों में कार्यरत श्रमिकों के लिए सुबह और शाम के समय कार्य कराने, छाया, पेयजल और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। शिक्षा विभाग को मौसम के अनुसार विद्यालय संचालन समय में बदलाव या अवकाश पर निर्णय लेने के निर्देश दिए गए हैं।

डीएम ने आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं, छोटे बच्चों और गंभीर रोगियों की नियमित निगरानी के निर्देश भी दिए हैं। साथ ही सोशल मीडिया, एफएम रेडियो, समाचार पत्रों और सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से लोगों को हीट वेव से बचाव के प्रति जागरूक करने को कहा गया है।

जिलाधिकारी सविन बंसल ने आमजन से अपील की है कि दोपहर की तेज धूप में बाहर निकलने से बचें, पर्याप्त पानी पिएं और लू के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय सहायता लें। उन्होंने सभी विभागों को सतत निगरानी बनाए रखते हुए किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *