खबर काम की
ऋषिकेश। कोतवाली ऋषिकेश क्षेत्र के अंतर्गत विस्थापित क्षेत्र में एक कलयुगी बेटे ने अपनी मां को तमंचे से गोली मार दी। घटना के बाद उसी बेटे ने अपनी मां को गंभीर हालत में एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया। जहां उनकी हालत गंभीर बनी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बांध विस्थापित क्षेत्र की विस्थापित कॉलोनी में रविवार की रात उस वक्त हड़कंप मच गया जब अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी।
बताया जा रहा है कि आरोपी सुमित गौड़ ( उम्र 32 वर्ष) नशे का आदी है। रात को जब उसकी माँ उषा देवी गौड़ ( उम्र 63 वर्ष) ने उसे नशा करने से रोका और फटकार लगाई, तो सुमित अपना आपा खो बैठा।
विवाद इतना बढ़ा कि सुमित घर में रखा 12 बोर का अवैध तमंचा निकाल लाया और अपनी माँ उषा देवी गौड़ पर फायर झोंक दिया। गोली सीधे उषा देवी के माथे पर लगी और वह खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़ीं। उसी बेटे ने अपनी मां को गंभीर हालत में एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया। चिकित्सकों द्वारा उपचार किया जा रहा है। पुलिस ने आरोपी को एम्स से गिरफ्तार किया है।
आरोपी सुमित गौड़ को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की जा रही है घटना के संबंध में पीड़िता के बड़े पुत्र अमित गौड़, जो माजरी ग्रांट थाना डोईवाला में रहते हैं, द्वारा एक प्रार्थना पत्र दिया गया है। इस संबंध में अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
