खबर काम की
पौड़ी। विकासखंड पोखड़ा के ग्राम भटकोट में गुलदार के हमले के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। जिसके चलते प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। प्रभागीय वनाधिकारी महातिम यादव ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता का आश्वासन दिया। वहीं, जिला प्रशासन ने विकासखंड पोखड़ा और बीरोंखालक के विद्यालयों में अवकाश घोषित किया है।
गुलदार की निगरानी के लिए वन विभाग ने आधुनिक तकनीक का सहारा लिया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर घटनास्थल के पास 10 कैमरा ट्रैप, 2 सोलर सीसीटीवी कैमरे और 2 पिंजरे लगाए गए हैं। साथ ही, 15-15 सदस्यों के दो विशेष दल गठित कर क्षेत्र में निरंतर गश्त शुरू कर दी गई है।
वनाधिकारी ने बताया कि गुलदार को पकड़ने या ट्रेंकुलाइज करने के लिए उच्चाधिकारियों को प्रस्ताव भेज दिया गया है। विभाग ने ग्रामीणों से शाम के समय अकेले बाहर न निकलने और बच्चों की सुरक्षा के प्रति विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।
इन स्कूलों में रहेगा अवकाश
छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के दृष्टिगत डीएम स्वाति एस. भदौरिया के निर्देश पर बीईओ मनोज कुमार जोशी ने 04 अप्रैल (शनिवार) और 06 अप्रैल (सोमवार) को प्रभावित क्षेत्रों के विद्यालयों में अवकाश घोषित किया है। इसके तहत न्याय पंचायत कोलाखाल के रा.प्रा.वि. पाटल्यूं, मयलगांव, पटोटी व जनता इंटर कॉलेज कुण्जखाल (कक्षा 1 से 12) और बीरोंखाल के रा.प्रा.वि. व रा.उ.प्रा.वि. तिमली, कण्डूली बड़ी, ढिस्वाणी एवं भरपूर बड़ा (कक्षा 1 से 8) के स्कूल शामिल हैं।
