खबर काम की
पौड़ी। विकासखंड कल्जीखाल में आयोजित बहुउद्देशीय जनसेवा शिविर में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर आमजन की समस्याएं सुनीं, सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया।
रविवार को कार्यक्रम का शुभारंभ राज्य पिछड़ा वर्ग कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष अशोक वर्मा ने किया। कहा कि मुख्यमंत्री की पहल पर आयोजित इन शिविरों से सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है।
अपर जिलाधिकारी एफआर चौहान ने कहा कि सभी विभाग समन्वित रूप से कार्य करते हुए पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाएं। जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करें, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति लाभ से वंचित न रहे।
शिविर में 113 लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया। कुल 45 शिकायतें और आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। इस दौरान कृषि विभाग ने 15 किसानों को पौधे, उर्वरक एवं कृषि यंत्र वितरित किए। रीप/एनआरएलएम से 20 लाभार्थियों को उत्पादन एवं विपणन संबंधी सहयोग प्रदान किया गया।
वहीं, बाल विकास विभाग ने दो लाभार्थियों को अन्नप्राशन व महालक्ष्मी किट वितरित की। स्वास्थ्य विभाग ने 35 और आयुष विभाग ने 34 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाइयां दीं। समाज कल्याण विभाग ने पेंशन से संबंधित पांच आवेदनों का सत्यापन किया। राजस्व विभाग ने दो कृषक प्रमाण पत्र जारी किए।
मौके पर ब्लॉक प्रमुख गीता देवी, ज्येष्ठ उप प्रमुख संजय पटवाल, कनिष्ठ उप प्रमुख दीपक असवाल, जिला विकास अधिकारी रमेश चंद्र, जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित दुबड़िया, खंड विकास अधिकारी चंद्र प्रकाश बलूनी, पूर्ति निरीक्षक राकेश पंत, एडीओ पंचायत अरुण सिंह, एडीओ समाज कल्याण राहुल राणा आदि मौजूद रहे।
