खबर काम की
लैंसडाउन। पर्यटन को बढ़ावा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के मकसद से जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने पालकोट में प्रस्तावित एडवेंचर पार्क की भूमि का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को परियोजना को विश्वस्तरीय मानकों के अनुरूप विकसित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने भदौरिया ने निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्यों में उच्च गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कार्यदायी संस्था को संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा नेट लगाने और परियोजना का 3डी लेआउट जल्द तैयार करने को कहा।
जिलाधिकारी के अनुसार यह पार्क न केवल पर्यटकों के अनुभव को यादगार बनाएगा, बल्कि क्षेत्र के युवाओं के लिए स्वरोजगार के नए अवसर भी पैदा करेगा। परियोजना को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर देते हुए उन्होंने पार्क में स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और विश्राम स्थलों जैसी मूलभूत सुविधाओं को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिला पर्यटन विकास अधिकारी खुशाल सिंह नेगी ने बताया कि इको एडवेंचर पार्क को आधुनिक पर्यटन केंद्र के रूप में ढाला जाएगा। पर्यटकों के रोमांच को बढ़ाने के लिए यहां कई साहसिक गतिविधियां प्रस्तावित हैं, जिनमें मुख्य रूप से स्काई साइकिल और जिप लाइन, कैनोपी ब्रिज एवं प्लैंक ब्रिज, नेट टनल, कैट वॉक और बर्मा लूप, लॉग-टू-लॉग ब्रिज, नेट बकेट तथा टायर क्रॉसिंग शामिल हैं।
मौके पर तहसीलदार विद्यानंद सेमवाल, अधिशासी अभियंता (लघु सिंचाई) मुकेश दत्त समेत अन्य संबंधित अधिकारी व होटल एसोसिएशन के सदस्य मौजूद रहे।
