पौड़ी जनपद को नियमित हवाई सेवा से जोड़े जाने के दिए निर्देश: मुख्य सचिव

 

 

खबर काम की
देहरादून। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने सचिवालय में नागरिक उड्डयन विभाग की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से प्रदेश में हवाई कनेक्टिविटी की स्थिति जानी। कहा कि हमें प्रदेश को हेलिपोर्ट्स व हेलीपैड से सैचुरेट करने की आवश्यकता है। ये हमारे जैसे प्रदेश के लिए लाइफलाइन साबित होंगे।

मुख्य सचिव ने पौड़ी जनपद को भी नियमित हवाई सेवा से जोड़े जाने के निर्देश दिए। कहा कि लैंसडाउन उत्तराखंड के मुख्य हिल स्टेशनों में से एक है। लैंसडाउन को हवाई कनेक्टिविटी से जोड़े जाने की सम्भावनाएं तलाशी जाएं।

मुख्य सचिव ने कहा कि प्रदेश में अपना पायलट ट्रेनिंग स्कूल तैयार किया जाए। कहा कि ऊधमसिंह नगर के पराग फार्म में एविएशन एकेडमी स्थापित की जाए। उन्होंने इसके लिए अधिकारियों को आवश्यक प्रक्रियाएं शुरू किए जाने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने कहा कि बदरीनाथ व केदारनाथ धाम के लिए एयर ट्रैफिक कंट्रोल शीघ्र स्थापित किए जाने के लिए आवश्यक सभी प्रक्रियाएं पूरी कर ली जाए। प्रदेश में लगातार हवाई सेवाओं का विस्तार हो रहा है, इसके लिए आवश्यक है कि प्रदेशभर में एयर ट्रैफिक कंट्रोल मैकेनिज्म स्थापित किया जाए, ताकि हवाई यात्राएं सुरक्षित हो सकें।

मुख्य सचिव ने प्रदेशभर में हवाई यात्रा को सुरक्षित बनाने के लिए ऑटोमैटिक वेदर स्टेशन (एडब्ल्यूएस) व पीटीजेड कैमरा स्थापित किए जाने पर जोर दिया। कहा कि इसके लिए भारत मौसम  विज्ञान विभाग से अनुरोध कर इस दिशा में लगातार फॉलो अप किया जाए।

मुख्य सचिव ने दूर-दराज़ और कम सेवा वाले इलाकों में मज़बूत हवाई कनेक्टिविटी का विस्तार करने के भी निर्देश दिए। इसके लिए उन्होंने प्रदेशभर में हेलीपोर्ट्स व हेलीपैड्स से सैचुरेट किए जाने पर जोर दिया। उन्होंने गुंजी और आदि कैलाश में बढ़ती पर्यटन गतिविधियों को देखते हुए एयर स्ट्रिप या हेलीपोर्ट स्थापित किए जाने की दिशा में कार्य किए जाने की बात भी कही।

इस अवसर पर सचिव विनय शंकर पाण्डेय व सीईओ युकाडा प्रतीक जैन आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *