स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण ही स्वस्थ जीवन की आधारशिला:डॉ. राजे नेगी

 

 

खबर काम की
ऋषिकेश। लोकपर्व हरेला के अवसर पर पीएमश्री राजकीय प्राथमिक विद्यालय, मनीराम रोड, ऋषिकेश में उत्तराखंड भास्कर फाउंडेशन की ओर से पौधरोपण एवं पर्यावरण जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए तथा विद्यार्थियों को पाठ्य सामग्री एवं मिष्ठान वितरित किया गया।

कार्यक्रम में फाउंडेशन की संस्थापक डिम्पल शुक्ला ने हरेला पर्व के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिवार द्वारा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता फैलाने के उद्देश्य से जागरूकता रैली निकाली गई। साथ ही स्कूली बच्चों ने पर्यावरण संरक्षण पर आधारित सांस्कृतिक एवं नाट्य प्रस्तुतियां देकर लोगों को प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया।

समाजसेवी एवं फाउंडेशन के संरक्षक डॉ. राजे नेगी ने कहा कि हरेला केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी आस्था और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने वाला जनआंदोलन है। उन्होंने बच्चों से अपने जन्मदिन, पारिवारिक शुभ अवसरों तथा अन्य विशेष दिनों पर पौधरोपण करने और समाज को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण ही स्वस्थ जीवन की आधारशिला है और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए वृक्षारोपण अत्यंत आवश्यक है।

कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाध्यापिका वंदना गैरोला, वंदना शर्मा, लतिका तिवारी, उज्ज्वल चमोली, संगीता, रजनी सकलानी, ईश्वर शुक्ला, अर्चना, शशि कपूर, दीपक भारद्वाज, धीरेंद्र, महक, बबीता एवं रेनू सहित विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *