खबर काम की
ऋषिकेश । शुक्रवार रात हरिद्वार जा रही राजस्थान नंबर की एक बस भद्रकाली से आगे ढलान पर ब्रेक फेल होने के कारण अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में सड़क किनारे स्कूटी पर बैठे दो चचेरे भाई बस की चपेट में आ गए। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस में सवार कई यात्रियों को चोटें आईं। गंभीर रूप से घायल एक महिला को एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिहार से आए कुछ लोग ऋषिकेश और हरिद्वार घूमने पहुंचे थे। यात्रा के दौरान बस को खारास्रोत पार्किंग में खड़ा किया गया था और यात्री घूमने चले गए थे। शुक्रवार रात घूमने के बाद सभी यात्री बस से हरिद्वार के लिए रवाना हुए।
बताया जा रहा है कि भद्रकाली पुलिस चौकी से नीचे की ओर ढलान पर पहुंचते ही बस के ब्रेक फेल हो गए। चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका और करीब एक किलोमीटर आगे कपटियाल मोड़ के पास बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इसी दौरान सड़क किनारे स्कूटी पर बैठे शुभम (26) पुत्र कुंदन सिंह बिष्ट और ऋषभ (34) पुत्र विक्रम सिंह बिष्ट, निवासी गली नंबर-6, गणेश विहार, गंगानगर, ऋषिकेश, बस की चपेट में आ गए। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। बस में घायल यात्रियों को तत्काल एसपीएस उप जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने गंभीर रूप से घायल एक महिला की हालत को देखते हुए उसे एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
