Rishikesh: लालपानी कूड़ा प्लांट पर ग्रामीणों ने जड़ा ताला, सरकारी कार्य में बाधा डालने पर  7 नामजद सहित अज्ञात पर मुकदमा दर्ज

 

खबर काम की
ऋषिकेश। गुमानीवाला स्थित लालपानी कूड़ा निस्तारण प्लांट पर ताला जड़कर नगर निगम के कूड़ा वाहनों को रोकने का मामला तूल पकड़ गया है। इस मामले में कोतवाली ऋषिकेश पुलिस ने 7 नामजद सहित अन्य ग्रामीणों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा का मुकदमा दर्ज किया है।

नगर निगम ऋषिकेश के सहायक नगर आयुक्त चंद्रकान्त भट्ट ने कोतवाली में तहरीर दी। तहरीर के अनुसार, 3 अक्टूबर 2026 को नगर निगम के सफाई निरीक्षक बीट संख्या-01, लालपानी प्लांट का निरीक्षण करने पहुंचे थे।
इसी दौरान स्थानीय निवासियों ने प्लांट में कूड़ा लाए जाने का विरोध शुरू कर दिया और प्लांट के मुख्य द्वार पर तालाबंदी कर दी। इस दौरान निगम अधिकारियों ने ग्रामीणों को काफी समझाने का प्रयास किया कि कूड़ा वाहनों को अंदर आने दिया जाए, लेकिन ग्रामीण नहीं माने और वाहनों को गेट पर ही रोक दिया।

अधिकारियों का कहना है कि प्लांट बंद होने से ऋषिकेश शहर से प्रतिदिन एकत्रित होने वाले सैकड़ों टन कूड़े का निस्तारण पूरी तरह बाधित हो गया है। यदि समय पर कूड़ा नहीं उठा तो शहर में गंदगी फैलने और बीमारी फैलने का खतरा है।

तहरीर के आधार पर कोतवाली ऋषिकेश में मुकदमा अपराध संख्या 514/2026, धारा 221/223(a)/189(2)/126(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत लालमणि रतूड़ी, पुरुषोत्तम बडोनी, लाल सिंह बोरा, राजेन्द्र गुनसोला, विनोद प्रसाद सेमवाल, रंजीत, रमदान व अन्य लोगों के खिलाफ मामला पंजीकृत किया गया है।

मामले की जांच उपनिरीक्षक सुमित चौधरी को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों और वीडियो फुटेज के आधार पर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।