Rishikesh: टीजीएमओयू के निर्विरोध अध्यक्ष बने बलबीर सिंह रौतेला

 

 

 

खबर काम की
ऋषिकेश।  टिहरी गढ़वाल मोटर ऑनर्स कॉरपोरेशन प्राइवेट लिमिटेड (TGMOU) के नवनिर्वाचित संचालक मंडल की पहली बैठक में बलबीर सिंह रौतेला को सर्वसम्मति से निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया। वहीं, भानु प्रकाश रागड़ को उपाध्यक्ष तथा धर्मपाल तोपवाल को वित्त पद की जिम्मेदारी सौंपी गई।

मंगलवार को कंपनी के चंद्रेश्वर रोड स्थित कार्यालय में आयोजित बैठक के दौरान नवनिर्वाचित संचालकों को पद एवं दायित्वों की शपथ भी दिलाई गई। इस अवसर पर जितेंद्र सिह नेगी, गजपाल सिंह रावत, यशपाल सिंह राणा, प्यार सिंह गुनसोला , प्रेमपाल सिंह बिष्ट, कुंवर सिंह नेगी, रमेश पुंडीर, उत्तम सिंह नेगी, एवं गिरवीर सिंह रावत ने संचालक पद की शपथ ली। 

नवनिर्वाचित अध्यक्ष बलबीर सिंह रौतेला एवं संचालक मंडल का कंपनी के कर्मचारियों और पदाधिकारियों ने माल्यार्पण कर स्वागत एवं अभिनंदन किया।

अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभालने के बाद रौतेला ने पूर्व बोर्ड एवं पूर्व अध्यक्ष के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि संस्था और वाहन स्वामियों के हित में पूर्व बोर्ड ने महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि नई जिम्मेदारी के साथ उनकी प्राथमिकता वाहन स्वामियों के हितों की रक्षा, संस्था को और मजबूत करना तथा कंपनी को निरंतर प्रगति की ओर ले जाना होगी।

रौतेला ने कहा कि सभी संचालक आपसी समन्वय और एकजुटता के साथ कार्य करेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी के सहयोग से कंपनी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के साथ-साथ वाहन स्वामियों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएंगे।