मुख्यमंत्री ने गिनाईं उद्योग क्षेत्र की उपलब्धियां, प्रदेश में 29 हजार से अधिक नई इकाइयां स्थापित  

 

 

खबर काम की
हरिद्वार।  मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार में आयोजित 7वें सीआईआई उत्तराखंड इंडस्ट्रियल समिट एंड एक्सपो-2026 में प्रतिभाग किया। उन्होंने कहा कि हरिद्वार आध्यात्मिक नगरी के साथ-साथ प्रदेश के औद्योगिक विकास का प्रमुख केंद्र भी है। ऐसे आयोजन उद्योग, निवेश, व्यापार और नवाचार को साझा मंच उपलब्ध कराने के साथ आर्थिक गतिविधियों को गति देते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार उत्तराखंड में उद्योगों के लिए सुरक्षित, पारदर्शी और सरल व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए काम कर रही है। सरकार नियामक के बजाय सहयोगी की भूमिका में है। पिछले कुछ वर्षों में प्रदेश में 29 हजार से अधिक नई एमएसएमई इकाइयां स्थापित हुई हैं, जिनसे करीब 1.27 लाख युवाओं को रोजगार मिला है। निवेशकों की समस्याओं के समाधान के लिए ‘निवेश मित्र’ व्यवस्था लागू की गई है। सिंगल विंडो सिस्टम के तहत 26 विभागों की 206 से अधिक सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध हैं।

उन्होंने बताया कि स्टार्टअप और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए 200 करोड़ रुपये के वेंचर फंड की व्यवस्था की गई है। ऊधमसिंह नगर के खुरपिया में करीब 1,002 एकड़ क्षेत्र में इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर विकसित किया जा रहा है। वहीं, चमोली, पौड़ी और अल्मोड़ा में औद्योगिक पार्क विकसित करने की दिशा में काम हो रहा है।

धामी ने कहा कि राज्य के पारंपरिक उत्पादों और स्थानीय उद्यमों को बड़े बाजार से जोड़ने पर भी जोर दिया जा रहा है। फार्मा, हर्बल, आयुष, इंजीनियरिंग और ऑटो-कंपोनेंट जैसे क्षेत्रों में उत्तराखंड तेजी से आगे बढ़ रहा है।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि उद्योग देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। उन्होंने गुणवत्ता और नवाचार के साथ औद्योगिक क्षेत्र को आगे बढ़ाने पर जोर दिया।

कार्यक्रम में रानीपुर विधायक आदेश चौहान, पूर्व मंत्री स्वामी यतिस्वरानंद, पालिकाध्यक्ष राजीव शर्मा, पूर्व मेयर मनोज गर्ग, पूर्व विधायक संजय गुप्ता, राज्य मंत्री आदेश सैनी, विक्रम भुल्लर, अध्यक्ष सीआईआई उत्तराखंड संजय अग्रवाल, वाइस चेयरमैन सौरव दास, निदेशक गौरव लांबा, चेयरपर्सन सोनिया, संदीप जैन, इंडस्ट्री सेक्रेटरी विनय शंकर पांडे, डीएम मयूर दीक्षित, प्रबंध निदेशक सिडकुल सौरव गहवार, एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर आदि मौजूद रहे।