खबर काम की
देहरादून प्रवासी उत्तराखंडियों को राज्य के विकास से जोड़ने के उद्देश्य से प्रस्तावित प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन 2026 की तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रमुख सचिव आरके सुधांशु की अध्यक्षता में सम्मेलन के सफल आयोजन, प्रचार-प्रसार और प्रवासियों की अधिकाधिक सहभागिता पर चर्चा हुई।
बुधवार को सचिवालय में आयोजित बैठक में प्रमुख सचिव ने सम्मेलन को अंतरराष्ट्रीय स्तर के अनुरूप, युवा-केंद्रित और नवाचारपूर्ण स्वरूप में आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने देशभर में उल्लेखनीय कार्य कर रहे प्रवासी उत्तराखंडियों को आमंत्रित करने पर जोर दिया। कहा कि प्रवासियों के अनुभवों, सुझावों और विशेषज्ञता का लाभ लेकर राज्य के विकास को नई दिशा देने का प्रयास किया जाएगा।
बैठक में बताया गया कि तृतीय प्रवासी उत्तराखंडी दिवस के लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। सम्मेलन दून विश्वविद्यालय में किया जाएगा। प्रमुख सचिव ने एक सप्ताह में विस्तृत रूपरेखा तैयार करने और तैयारियों की प्रगति से तीन-चार दिन में अवगत कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि सम्मेलन में राज्य सरकार के विकास कार्यों, योजनाओं और नीतियों पर आधारित लघु फिल्मों का भी प्रसारण किया जाएगा। ताकि प्रवासियों को विभिन्न क्षेत्रों में प्रगति की जानकारी मिलेगी।
बैठक में सचिव शैलेश बगौली, विनोद कुमार सुमन, सी रविशंकर, राजेंद्र कुमार, कुलपति प्रो सुरेखा डंगवाल, सीडीओ अभिनव शाह, सदस्य उत्तराखण्ड प्रवासी प्रकोष्ठ सुधीर चन्द्र नौटियाल, उपनिदेशक सूचना बद्री चंद आदि मौजूद रहे।
