प्रदेश में  विभिन्न विकास कार्यों के लिए करोड़ों की धनराशि स्वीकृत

 

खबर काम की
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में सड़क, पुल, धर्मशाला, सरकारी भवन और अन्य विकास कार्यों के लिए करोड़ों रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। इन फैसलों से बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और निर्माण कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।

जनपद ऊधमसिंहनगर के किच्छा में पंडित गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय परिसर की अवशेष सड़कों के सुधार के लिए विभिन्न घोषणाओं के अन्तर्गत ₹1999 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की। गदरपुर के ग्राम जयनगर नं.-3 में ग्राम चण्डीपुर के संजय नगर खालपाडा में, ग्राम चंडीपुर के राधा कृष्ण मंदिर में, नगर पंचायत दिनेशपुर के वार्ड नं.-1 में, नगर पंचायत दिनेशपुर के वार्ड नं.-3 के मंदिर में ग्राम केशवगढ़ कॉलोनी के पास, ग्राम संलय नगर के मंदिर में, ग्राम लालपुरी में मलयनाथ स्वामी मंदिर में ग्राम सभा खटोला नं.-2 बक्साड़ में देवीधाम मंदिर में और कुल्हा के अंतर्गत दिलीपनगर गांव में धर्मशाला का निर्माण के लिए ₹267 करोड़ मंजूर किए।

जनपद देहरादून के झाझारा में बंशीवाला अम्बेडकर पार्क होते हुए काली मंदिर व मुख्य मार्ग से बिजेन्द्र चौहान के घर तक सीसी मार्ग, आयुर्वेदिक अस्पताल के बगल वाली गली नेहरू युवा क्लब के सामने उपाध्यक्ष के घर तक मार्ग निर्माण और सैनिक कॉलोनी के आन्तरिक मार्ग व सुद्धोवाला के वार्ड 8 व 9 के आन्तरिक मार्गों में टाइल्स मार्ग व नाली निर्माण के लिए ₹7660 लाख के तहत पहली किस्त में ₹4596 लाख की धनराशि मंजूर की।

जनपद चंपावत में मां पूर्णागिरी मेला क्षेत्र का अनुरक्षण विश्राम शेड व पुलिया निर्माण के लिए ₹7722 लाख में से पहली किस्त में ₹4633 लाख और गंगोलीहाट के अंतर्गत पोखरी चंडिकाघाट मोटर मार्ग निर्माण के लिए ₹538 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई।

जनपद हरिद्वार में ग्रामीण राज्य योजना के अंतर्गत रसूलपुर-मंगोलपुरा-आर्यनगर और लालढांग के बीच रवासन नदी पर 250 मीटर लंबे पैदल यात्रियों के लिए स्टील ट्रस पुल का निर्माण के लिए ₹934 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की। वहीं पुलिस प्रशिक्षण कॉलेज नरेन्द्रनगर में विविध आवासीय व अनावासीय भवन निर्माण के लिए ₹971 करोड़, जनपद अल्मोडा के सल्ट थाने में आवासीय भवन का निर्माण के लिए मंजूर ₹380 करोड़ में से ₹152 करोड़ का अनुमोदन किया।

जनपद उत्तरकाशी के पुरोला में मोरी नैटवाड जखोल मोटर मार्ग पर क्रॉनिक भूस्खलन प्रभावित जोन के उपचार कार्य के लिए ₹535 करोड़ और संबंधित 02 निर्माण कार्यों के लिए ₹1450 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की। सीएम ने ईको टास्क फोर्स की 10 नर्सरियों में सिंचाई प्रणाली के लिए ₹7850 लाख भी मंजूर किए।