खबर काम की
देहरादून। उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपदीय पुलिस में महिला कांस्टेबल के पदों को 526 से बढ़ाकर 2000 करने का प्रस्ताव मंजूर किया है। इसके तहत अन्य संवर्गों और शाखाओं के स्वीकृत पदों से 1474 अतिरिक्त पदों का समायोजन प्रस्तावित है।
इस निर्णय से जनपदीय पुलिस में महिला कांस्टेबल की संख्या बढ़ाने और वर्तमान में कार्यरत अधिसंख्य महिला आरक्षियों के समायोजन का मार्ग प्रशस्त होगा। साथ ही, उनके लिए भविष्य में पदोन्नति के अवसर सुनिश्चित करने की दिशा में भी पहल की जाएगी।
कार्मिक विभाग ने प्रस्ताव पर बिना किसी अतिरिक्त वित्तीय भार और कुल स्वीकृत पदों की संख्या में वृद्धि किए बिना सहमति दी है। इसके लिए वर्तमान में कार्यरत 1210 अधिसंख्य महिला कांस्टेबल के समायोजन और भविष्य की पदोन्नति के लिए उच्चतर पदों के पुनर्गठन का अलग प्रस्ताव उपलब्ध कराने की शर्त रखी गई है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने व पुलिस बल में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए सरकार निरंतर प्रयास कर रही है। कहा कि महिला पुलिसकर्मियों को सेवा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के साथ उनके भविष्य को सुरक्षित और उज्ज्वल बनाना सरकार का उद्देश्य है।
