खबर काम की
ऋषिकेश। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया कहे जाने के कथित बयान का तीखा विरोध हो रहा है। ऋषिकेश में विधायक प्रेमचंद अग्रवाल के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर अखिलेश यादव का पुतला दहन किया।
अग्रवाल ने कहा कि उत्तराखंड की जनता का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। देवभूमि के लोगों ने अपने परिश्रम, त्याग, समर्पण और राष्ट्रसेवा से देश-दुनिया में पहचान बनाई है। कहा कि उत्तराखंड वीरों की भूमि है, जहां के जवानों ने देश की सीमाओं की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की संस्कृति, परंपराओं और नागरिकों के सम्मान से कोई समझौता स्वीकार नहीं होगा। सार्वजनिक जीवन में नेताओं को अपने बयानों के प्रति जिम्मेदार रहना चाहिए।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता अपने स्वाभिमान के प्रति सजग है और प्रदेशवासियों के सम्मान से जुड़े मुद्दों पर लोकतांत्रिक तरीके से विरोध जारी रखेगी।
