श्रीनगर में नौ साल के लंबे इंतजार के बाद सिटी बस सेवा का सीएम धामी ने किया शुभारंभ, नौ विकास योजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास

 

खबर काम की
श्रीनगर (गढ़वाल)।  मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने श्रीनगर के श्रीयंत्र टापू में आयोजित कार्यक्रम के दौरान ₹9.13 करोड़ की नौ विकास योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया। वहीं उन्होंने करीब नौ साल के लंबे इंतजार के बाद श्रीनगर में सिटी बस सेवा का शुभारंभ किया।

शनिवार को मुख्यमंत्री धामी ने पार्षदों से भरी सिटी बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। साथ ही श्रीनगर में स्थापित ईवी चार्जिंग स्टेशन का लोकार्पण भी किया। कहा कि इससे इलेक्ट्रिक वाहनों के इस्तेमाल को बढ़ावा मिलेगा और शहर में पर्यावरण अनुकूल परिवहन व्यवस्था मजबूत होगी।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने ‘सशक्त बहना, सशक्त उत्तराखंड’ पहल के तहत महिला स्वयं सहायता समूहों को ₹2,01,530 की प्रोत्साहन राशि के चेक वितरित किए। इसके अलावा 51 पर्यावरण मित्र महिलाओं को हेल्थ एवं हाइजीन किट प्रदान की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह योजनाएं क्षेत्र में जनसुविधाओं को मजबूत करेंगी। इनमें ठोस अपशिष्ट प्रबंधन एवं निस्तारण सुविधा, स्वर्गीय रणजीत सिंह भंडारी वाटिका (रेन वाटर हार्वेस्टिंग पार्क), सड़क व नाली निर्माण, लक्ष्मीनारायण पार्क और पार्कों का सौंदर्यीकरण जैसे कार्य शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। चारधाम यात्रा में ऐतिहासिक वृद्धि, ऑल वेदर रोड और ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना से क्षेत्र को लाभ मिल रहा है। रेल परियोजना का स्टेशन श्रीनगर में भी प्रस्तावित है।

मुख्यमंत्री ने सरदार वल्लभभाई पटेल के योगदान को याद करते हुए राष्ट्रीय एकता और अखंडता को सर्वोपरि बताया। दौरे के दौरान उन्होंने कॉलेज गेट के पास विद्यार्थियों को देखकर प्रोटोकॉल से हटकर उनसे मुलाकात की और आत्मीय संवाद किया। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर बच्चे उत्साहित नजर आए।

मौके पर कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, सतपाल महाराज, भरत चौधरी, महापौर आरती भंडारी, जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी आदि मौजूद रहे।