खबर काम की
ऋषिकेश। ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गुल्लर पुल के पास श्रीनगर की ओर जा रही यात्रियों से भरी मिनी बस अनियंत्रित होकर पुल से नीचे खाई में जा गिरी। हादसे में आठ लोगों की मौत होने की सूचना सामने आई है, हालांकि अभी मौतों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है। वहीं करीब 20 लोगों के घायल होने की जानकारी मिल रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह करीब 4:30 बजे हुआ। दुर्घटना के समय मिनी बस में 20 से 25 यात्री सवार थे। बस के पुल से नीचे गिरते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन, एसडीआरएफ और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
रेस्क्यू टीमों की ओर से घायलों को बस से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाने की कार्रवाई की जा रही है। दुर्घटना के बाद हाईवे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है।
फिलहाल हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। मृतकों और घायलों की वास्तविक संख्या को लेकर प्रशासन की आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।
