658 किलोमीटर की दूरी तय कर मसूरी में होगा समापन
खबर काम की
नैनीताल। उत्तराखंड को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर साहसिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में शुक्रवार को अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन एमटीबी चैलेंज-2026 का आगाज हुआ। कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने मुक्तेश्वर से साइकिल रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रदेश में अंतरराष्ट्रीय स्तर की साहसिक खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन हो रहा है। जिससे प्रदेश की पहचान वैश्विक मंच पर मजबूत होगी। साथ ही पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई गति देंगे।
उन्होंने कहा कि सरकार पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों को एक गुलदस्ते की तरह जोड़कर समग्र विकास की दिशा में काम कर रही है। पर्यटन सचिव धीराज सिंह गर्ब्याल ने बताया कि मुक्तेश्वर से शुरू हुई यह प्रतियोगिता प्रदेश के 10 जनपदों से होकर गुजरेगी। प्रतिभागी लगभग 658 किलोमीटर की दूरी तय कर 26 नवंबर को मसूरी पहुंचेंगे।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में 18 राज्यों के अलावा एयरफोर्स, आर्मी और बीएसएफ के कुल 66 साइकिलिस्ट प्रतिभाग कर रहे हैं। कुल 80 लोगों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 14 विभिन्न कारणों से प्रतियोगिता में शामिल नहीं हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य केवल साइकिलिंग प्रतियोगिता कराना नहीं, बल्कि उत्तराखंड को एडवेंचर टूरिज्म, माउंटेन साइक्लिंग और साहसिक खेलों के अंतरराष्ट्रीय मानचित्र पर स्थापित करना है।
मौके पर प्रबंध निदेशक केएमवीएन विनीत तोमर, प्रबंधक मनीष सिंह, सीडीओ अरविंद कुमार पाण्डेय, बीजेपी जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, दर्जा राज्यमंत्री देवेंद्र ढेला, पर्यटन विकास परिषद सलाहकार समिति सदस्य नितिन राणा, जिला पर्यटन विकास अधिकारी कीर्ति आर्य आदि मौजूद रहे।
