खबर काम की
ऋषिकेश। उत्तर प्रदेश के आगरा से स्कूल विजिट पर आए 10वीं के एक छात्र की लक्ष्मणझूला क्षेत्र में डूबने की खबर है। सूचना के बाद एसडीआरएफ की रेस्क्यू टीम ने मौके पर सर्च किया, लेकिन शाम ढलने तक लापता छात्र का कोई सुराग नहीं लगा।
जानकारी के अनुसार आगरा के एक स्कूल से 32 छात्रों और 5 शिक्षकों का दल ऋषिकेश घूमने आया था। गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे सभी लक्ष्मणझूला पुल के समीप स्थित घाट पर स्नान कर रहे थे। इसी दौरान अंश परमार (15) पुत्र राजकुमार शर्मा निवासी रोहता गंगा नदी के तेज बहाव की चपेट में आ गया। साथियों की चीख-पुकार सुनकर मौके पर मौजूद जल पुलिस और स्थानीय लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज बहाव के चलते वह देखते ही देखते ओझल हो गया।
एसडीआरएफ के निरीक्षक कविंद्र सजवाण ने बताया कि सूचना पर रेस्क्यू टीम और लक्ष्मणझूला पुलिस मौके पर पहुंची। डीप डाइवर्स ने गंगा नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन छात्र का कोई सुराग नहीं लग सका। देर शाम अंधेरा होने होने पर सर्चिंग रोक दी गई। शुक्रवार को फिर से लापता छात्र की तलाश की जाएगी। थाना लक्ष्मणझूला पुलिस ने परिजनों को सूचित कर दिया है।
