खबर काम की
केदारनाथ (सीनियर रिपोर्टर)। केदारनाथ विधानसभा के उपचुनाव में मतदाताओं ने फिर से महिला नेतृत्व पर ही अपना विश्वास जताया है। भाजपा प्रत्याशी आशा नौटियाल उपचुनाव में 5623 वोटों के अंतर से कांग्रेस उम्मीदवार मनोज रावत को शिकस्त देकर जीत दर्ज की है। आशा नौटियाल इस सीट पर तीसरी बार विधायक बनी हैं। केदारनाथ असेंबली में पांचवीं बार महिला उम्मीदवार ने जीत दर्ज की है।
शनिवार को केदारनाथ विधानसभा के उपचुनाव के लिए निर्धारित समय पर मतगणना शुरू हुई। कुल 13 राउंड की गणना में भाजपा प्रत्याशी आशा नौटियाल को 23814 और कांग्रेस उम्मीदवार मनोज रावत को 18191 वोट मिले। तीसरे नंबर पर निर्दलीय त्रिभुवन रावत रहे। त्रिभुवन को कुल 9911 मत मिले। जबकि यूकेडी के आशुतोष भंडारी 1314 वोट के साथ चौथे, निर्दलीय आरपी सिंह 493 के साथ पांचवें और प्रदीप रोशन 483 वोट के साथ छठवें नंबर पर रहे। उपचुनाव में 834 वोट नोटा पर पडे।
करीब डेढ़इ बजे संपन्न मतगणना के बाद रिटर्निंग ऑफिसर अनिल कुमार शुक्ला ने आशा नौटियाल को जीत का प्रमाणपत्र सौंपा। इसके साथ ही आशा नौटियाल केदारनाथ विधानसभा पर अब तक सर्वाधिक तीन बार जीत हासिल कर चुकी हैं। आशा राज्य के पहले आम चुनाव 2022 और 2007 में विजयी रही थी। 2012 में वह कांग्रेस प्रत्याशी शैलारानी से हार गई थीं। 2017 में यहां से कांग्रेस के मनोज रावत को जीत मिली, जबकि 2022 में शैलारानी रावत भाजपा के टिकट से विधानसभा पहुंची।