• मुख्यमंत्री ने दोनों धामों में पीएम नरेंद्र मोदी के नाम से की पहली पूजा
खबर काम की
उत्तरकाशी (सीनियर रिपोर्टर)। अक्षय तृतीया के पावन पर्व पर गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट दर्शनार्थियों के लिए खुल गए हैं। इसी के साथ चारधाम यात्रा का विधिवत श्रीगणेश भी हो गया है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दोनों धामों में संकल्प लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से पहली पूजा की। साथ ही चारधाम यात्रा के सफल आयोजन के साथ देश प्रदेश की खुशहाली की कामना की।
बुधवार को धार्मिक परंपराओं के अनुसार आज सुबह मां गंगा की उत्सव डोली भैरव घाटी स्थित भैरव मंदिर से गंगोत्री धाम पहुंची। धाम में विशेष पूजा-अभिषेक के साथ पूर्वाह्न 10 बजकर 30 मिनट पर गंगोत्री मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोले गये। इस अवसर पर गंगोत्री व यमुनोत्री मंदिर के ऊपर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की गई।
वहीं, मां यमुना की डोली शनिदेव महाराज की अगुवाई में शीतकालीन प्रवास स्थल खरसाली से यमुनोत्री धाम पहुंची। धार्मिक विधि- विधान के साथ पूर्वाह्न 11 बजकर 55 मिनट पर यमुनात्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोले गए। कपाट खुलने के अवसर पर देश विदेश से आए हजारों श्रद्धालुओं ने अखंड ज्योति के दर्शन किए, और गंगा व यमुना नदी में स्नान कर पुण्य अर्जित किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ऐसे पहले मुख्यमंत्री हैं जो यमुनोत्री के कपाटोद्घाटन में पहुंचे हैं। दोनों धामों के कपाटोद्घाटन पर सीएम मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंदिरों में शीश नवाया और विशेष पूजा-अर्चना की। उन्होंने यहां पहुंची लोक देवताओं की डोलियों से भी आशीष प्राप्त किया।
हमारा प्रयास देवभूमि से सुखद अनुभव लेकर जाएं श्रद्धालुः धामी
इस अवसर पर सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड के चारधाम देश-विदेश के श्रद्धालुओं के लिए आस्था के प्रमुख केन्द्र हैं और इन धामों की यात्रा का सौभाग्य प्राप्त करने की आकांक्षा हर श्रद्धालु के मन में रहती है। कहा कि सुरक्षित और सुव्यवस्थित चारधाम यात्रा के लिए राज्य में व्यापक प्रबंध किए गए हैं। कहा कि चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अतिथि देवो भवः की परंपरा के अनुसार हमारा प्रयास है कि सभी श्रद्धालु देवभूमि उत्तराखंड से दिव्य धामों के शुभाशीष के साथ ही यात्रा का सुखद अनुभव लेकर जाएं। मुख्यमंत्री ने ग्रीन और क्लीन चारधाम यात्रा के आयोजन के लिए सभी लोगों से सहयोग की अपील भी की।
इस अवसर पर गंगोत्री धाम में विधायक सुरेश चौहान, गंगोत्री मंदिर समिति अध्यक्ष धर्मानंद सेमवाल, सचिव सुरेश सेमवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष नागेंद्र चौहान, किशोर भट्ट, जिलाधिकारी उत्तरकाशी डॉ.मेहरबान सिंह बिष्ट, पुलिस अधीक्षक सरिता डोबाल आदि मौजूद रहे।
वहीं, यमुनोत्री धाम में मुख्य विकास अधिकारी उत्तरकाशी एसएल सेमवाल, उपजिलाधिकारी बृजेश कुमार तिवारी, यमुनोत्री मंदिर समिति के उपाध्यक्ष संजीव उनियाल, सचिव सुनील उनियाल आदि मौजूद रहे।