खबर काम की
देहरादून (सीनियर रिपोर्टर)। मौजूदा हालातों के मद्देनजर आज राजभवन में सर्वधर्म गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर राज्यपाल ले. जनरल गुरमीत सिंह, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और सभी धर्मों के प्रतिनिधियों ने देश की एकता व अखंडता के प्रतिबद्धता जताई।
इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि यह आयोजन राष्ट्र के प्रति हमारे साझा उत्तरदायित्व की अभिव्यक्ति है। आज हम सब यहां धर्म, जाति और मत की सीमाओं से दूर एक साथ खड़े है। सीमाओं पर खड़ी हमारी सेना व भारत की आत्मा की तरह जीवंत दिख रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिक होने के नाते मैं जानता हूं कि एक सैनिक की सबसे बड़ी ताकत उसका परिवार, उसका देश और उसका मनोबल होता है। आज की यह हमारी गोष्ठी सैनिकों के मनोबल को सशक्त करने का प्रतीक है। कहा कि सभी धर्मों का मूल संदेश एक ही है।
उन्होंने कहा कि हिन्दू धर्म सर्वे भवंतु सुखिनः की शिक्षा देता है, वहीं सिख धर्म एकम की भावना से सभी को देखता है। बुद्ध कहते हैं कि अपने दीपक खुद बनो, वहीं जैन धर्म का सिद्धांत है कि अहिंसा ही परम धर्म है। इस्लाम हमें सिखाता है कि विभाजन मत करो वहीं ईसाई धर्म में कहा गया है कि शांति फैलाने वाले ईश्वर की संतान होते हैं। इस प्रकार सभी शिक्षाओं में हमें एकता, करुणा और शांति का ही संदेश देता है।
राज्यपाल ने कहा कि हमारी सेना ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से आतंकवाद और आतंकवाद फैलाने वालों पर कड़ा प्रहार कर रही है। हमारी बेटियां कर्नल सोफिया कुरेशी और विंग कमांडर व्योमिका सिंह के माध्यम से ऑपरेशन सिंदूर की जानकारी लगातार हम तक पहुंचा रही हैं। वे दोनों सशक्त भारत की सशक्त मातृशक्ति का प्रदर्शन भी कर रही हैं।
देश ने दुनिया को दिया भारत की एकता का संदेशः धामी
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि देश पर जब भी संकट आया, भारतवासियों ने एकजुट हो देश प्रथम की भावना से भारत और सेना को ताकत देने का काम किया। आज भी हमें ऐसी ही एकता प्रदर्शित करने जरूरत है। पाकिस्तान जब आतंकी मानसिकता के चलते हमारे निर्दोष नागरिकों को निशाना बना रहा है, तब सीमा पर सैनिकों के मनोबल बढ़ाने का काम हमें करना है। हमें सभी धर्मों ने अधर्म के खिलाफ खडा होने की शिक्षा दी है।
सीएम ने कहा कि भारत ने कभी किसी राष्ट्र पर प्रहार नहीं किया। पहलगाम की घटना के पीछे आतंकियों का मकसद भारत में दंगे भडकाना था। लेकिन पूरे देश ने एक साथ आकर दुनिया को भारत की एकता का संदेश दिया। कहा कि सोशल मीडिया में कई भ्रामक जानकारिया आ रही हैं, उन्हें नजरअंदाज कर सरकार के दिशा निर्देशों का पालन करना चाहिए।