सरकार की प्राथमिकता, तीर्थयात्रियों की सुरक्षा: मुख्यमंत्री

 

 

खबर काम की
देहरादून (सीनियर रिपोर्टर)।  मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री आवास में केंद्र द्वारा जारी दिशा निर्देशों के क्रम में राज्य स्तर पर की गई तैयारियों और अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर समीक्षा की।

कहा राज्य में वर्तमान समय में स्थिति सामान्य है। परंतु सभी विभाग और अधिकारियों को किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को बॉर्डर एरिया में सघन चेकिंग अभियान एवं जनपदों में सामरिक महत्व के स्थलों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा राज्य में संवेदनशील स्थानों, महत्वपूर्ण स्थानों, चारधाम यात्रा स्थलों, अन्य मार्गों पर सुरक्षा के समुचित उपाय किए जाएं। उन्होंने वेरिफिकेशन ड्राइव में तेजी लाने के साथ ही संदिग्ध लोगों की पहचान और सत्यापन करने के निर्देश दिए। उन्होंने सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यम में संवेदनशील खबरों एवं फेक न्यूज का संज्ञान लेते हुए उचित कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार राज्यभर में मॉक ड्रिल का आयोजन करेगी। कहा कि सम्भावित खतरों की चेतावनी के लिए जनपदों में सायरन की समुचित व्यवस्था की जाए। साथ ही मुख्यमंत्री ने सीमांत क्षेत्रों के स्थानीय निवासियों के साथ प्रशासन को संवाद स्थापित करने के भी निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा देश की वर्तमान स्थिति पर सभी प्रदेशवासी देश के सैनिकों के साथ खड़े हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को केंद्र द्वारा जारी दिशा निर्देशों का शत प्रतिशत सख्ती से पालन करने के भी निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में सर्वधर्म सभा और पदयात्रा का आयोजन करके इन कार्यक्रमों के माध्यम से सेना के मनोबल बढ़ाया जाएगा। राज्य सरकार हर स्थिति में सैनिकों और उनके परिजनों के साथ खड़ी है। कहा उत्तराखण्ड राज्य में हर परिवार का कोई सदस्य सेना में है। ऐसे में सभी का मनोबल बढ़ाना हम सभी का कर्तव्य है। भारत को एकता में ही उसकी शक्ति है। हम हर चुनौती से निपटने के लिए सक्षम हैं।

उन्होंने चारधाम यात्रा मार्गों पर सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन से सख्त निगरानी रखे जाने, जरूरत पड़ने पर सीसीटीवी कैमरों की संख्या को बढ़ाए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेशभर में खाद्यान्न और चिकित्सा उपकरणों और दवाईयों की उपलब्धता पूरी तरह बने रहे। कहा कि सचिवों को विभिन्न यात्रा मार्ग में स्थलीय निरीक्षण करने के लिए भेजा जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा चार धाम यात्रा का सुगम और सुरक्षित संचालन राज्य में हो रहा है। यात्रियों की सुरक्षा, सरकार की प्राथमिकता है। कहा राज्य में चार धाम यात्रा पूर्ण रूप से सुरक्षित है। उन्होंने यात्रा के साथ ही अन्य धार्मिक यात्राओं में सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य में हेली सेवाओं का संचालन भी सुगमता से हो रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा चार धाम यात्रा की रियल टाइम मॉनिटरिंग भी की जाए। उन्होंने सभी विभाग आगामी मानसून से पहले सभी तैयारियां पूर्ण कर लेने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस का संकल्प है। ऐसे में सभी अधिकारी भ्रष्टाचार की शिकायतों को गंभीरता से लेकर उस पर कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा आमजन को परेशान करने वाले किसी भी भ्रष्टाचारी को छोड़ा नहीं जाएगा और भ्रष्टाचार के मामलों पर प्राथमिकता से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

इस अवसर पर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ, प्रमुख सचिव आर.के सुधांशु, सचिव आर मीनाक्षी सुंदरम, शैलेश बगौली, सचिन कुर्वे, रविनाथ रामन, पंकज पांडे, एडीजी एपी अंशुमान, नीतेश झा, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी के साथ ही वर्चुअल माध्यम से सभी जिलाधिकारी एवं अन्य अधिकारीगण मौजूद थे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *