देहरादून: जिला प्रशासन बर्ड फ्लू को लेकर अलर्ट 

 

 

खबर काम की
ऋषिकेश (रिपोर्टर)। उत्तर प्रदेश में बर्ड फ्लू की दस्तक के बाद जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है। जिलाधिकारी सविन बंसल ने अधिकारियों को सतर्क रहने और कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं।

ऋषिपर्णा सभागार में बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने पशुपालन विभाग को एहतियात के तौर पर जनपद में पोल्ट्री फार्म से 03 दिन के भीतर रैंडम सैंपल जांच करने के निर्देश दिए हैं। कहा कि पोल्ट्री फार्म पर नियमित निगरानी रखी जाए। रैपिड रिस्पांस टीम को एक्टिव करें।

डीएम ने वन विभाग को तालाब, झील व नदियों के आसपास के पक्षियों पर नजर रखने और कोई पक्षी मृत या बीमार मिलने पर तत्काल इसकी जानकारी पशु चिकित्सा विभाग को देने को कहा है। बताया कि फिलहाल कहीं से बर्ड फ्लू का कोई मामला सामने नहीं आया है। लिहाजा, पोल्ट्री पर कोई प्रतिबंध नही है। डीएम ने सैनिक कल्याण अधिकारी को जनपद स्थित आर्मी और पैरामिलिट्री फोर्स हेडक्वाटर को सतर्क करने को कहा।

पुलिस विभाग को निर्देश दिए कि यूपी से सटी जनपद की सीमाओं पर चेकपोस्ट स्थापित कर बाहर से आने वाले जिन्दा मुर्गे, मुर्गे का मांस और अंडे पर अग्रिम आदेशों तक रोक लगाई जाए। जनपद में अनाधिकृत रूप से संचालित मीट की दुकानों को तत्काल सीज कराया जाए। एसडीएम, पशु चिकित्साधिकारी और नगर निकाय अपने क्षेत्र में पोल्ट्री फार्म और मुर्गा मांस व्यापारियों के साथ बैठक कर उन्हें जागरूक किया जाए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह, एसडीएम कुमकुम जोशी, उपनगर आयुक्त संतोष कुमार पांडेय, सीएमओ डा. मुकेश कुमार शर्मा, सीवीओ डॉ. एससी जोशी आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *