देहरादून: जनता दर्शन कार्यक्रम में अधिकारियों ने सुनीं समस्याएं,125 शिकायतें दर्ज

 

खबर काम की
देहरादून (सीनियर रिपोर्टर)। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर अधिकारियों ने जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान फरियादियों की समस्याएं सुनी। इस दौरान 125 शिकायतें दर्ज हुई। जिनमें अवैध अतिक्रमण, भूमि विवाद, क्षतिग्रस्त सड़क, पेयजल, भूस्खलन, आर्थिक सहायता आदि की शिकायतें शामिल थीं।

हर्रावाला में सार्वजनिक रास्ते में तारबाड और कब्जे के मामले में उप नगर आयुक्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए। भाटगढ़ी में सरकारी भूमि पर कब्जे की शिकायत पर एसडीएम को कार्रवाई के लिए कहा गया। बदामवाला में सड़क किनारे नाली बंद कर अतिक्रमण मामले में लोक निर्माण विभाग को अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए। अठूरवाला के लोगों ने सड़क से बिजली के पोलों को शिफ्ट कराने की मांग की।

टीएचडीसी कॉलोनी निवासियों ने मुख्य द्वार के सामने की सड़क पर उचित मानक व संकेतकों के साथ स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग की, जिसपर लोनिवि व परिवहन विभाग को कार्यवाही के लिए कहा गया। पुरोहितवाला की प्रधान ने बताया कि बारिश से गांव की पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त हो गई है। जिस पर जल संस्थान के अधिशासी अभियंता को आवश्यक कार्रवाई के लिए कहा गया।
ग्रामसभा कांसवाली नौगांव में जल निगम द्वारा कनेक्शन देने के बावजूद भी चार माह से पानी नही आने की शिकायत दर्ज की। ग्राम पंचायत रैनापुर के प्रधान ने गांव के अंतर्गत कच्चे मकानों को प्रधानमंत्री आवास या आपदा राहत मद से पुनर्निर्माण कराने, क्षतिग्रस्त पंचायत भवन पुनर्निर्माण की बात रखी। जिस पर बीडीओ को पात्र लाभार्थियों का चयन करने को कहा गया।

शिमला बाईपास रोड़ पर शेरपुर में निजी भूमि पर जबरदस्ती कब्जा किए जाने की शिकायत पर तहसीलदार को शीघ्र जांच करने को कहा गया। जागृति विहार निवासी व्यक्ति ने जमीन फ्रॉड की शिकायत करते हुए बताया कि उनसे 05 लाख का बयाना लेने के बाद भी उनके नाम रजिस्ट्री नही की जा रही है। शिकायत पर सीओ पुलिस को जांच के निर्देश दिए गए। मोथरोवाला निवासी विधवा महिला ने ठेकेदार पर पैसा लेने के बाद भी मकान का काम पूरा न करने की शिकायत दर्ज की।
रतन सेठी ने हिट एंड रन मामले में एफआईआर दर्ज करने के बाद भी कार्रवाई न होने की शिकायत पर एसएचओ पुलिस को त्वरित जांच के निर्देश दिए गए। विकासनगर निवासी 78 वर्षीय बुजुर्ग महिला ने अपने पुत्र व पुत्रवधू द्वारा अभद्रता एवं दुर्व्यवहार किए जाने के संबंध में सीओ पुलिस को तत्काल मामले की जांच के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री स्वरोजगार ऋण आवेदन बैंक द्वारा अस्वीकृत किए जाने की शिकायत पर एलडीएम को जांच के निर्देश दिए गए।

मौके पर अपर नगर आयुक्त रजा अब्बास, एसडीएम स्मृता परमार, एसडीएम कुमकुम जोशी, एसडीएम अपूर्वा, एसडीएम विनोद कुमार, मुख्य शिक्षा अधिकारी वीके ढौंडियाल, जिला प्रोबेशन अधिकारी मीना बिष्ट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *