रिवर्स शोल्डर आर्थोप्लास्टी का निर्मल आश्रम अस्पताल में सफल ऑपरेशन

 

 

 

खबर काम की
ऋषिकेश (रिपोर्टर)। निर्मल आश्रम अस्पताल ने एक बार फिर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। अस्पताल के हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. शिवम मालवीय ने 72 वर्षीय शशि चावला का जटिल ऑपरेशन सफलतापूर्वक किया। इस प्रकार का जटिल ऑपरेशन प्रदेश के चुनिंदा उच्चस्तरीय अस्पतालों में ही किया जाता है। निजी अस्पतालों में यह उपलब्धि अब तक सिर्फ निर्मल आश्रम अस्पताल ने ही हासिल की है।

अस्पताल के चिकित्सा निदेशक डॉ. अजय शर्मा ने बताया कि ऋषिकेश निवासी बुजुर्ग शशि चावला पूर्व में उच्च रक्तचाप व लिवर डिजीज से ग्रसित थीं। हाल ही में घर में गिरने के कारण उनके कंधे की हड्डी 4-5 भागों में टूट गई। हथेली में फ्रैक्चर-डिसलोकेशन और सिर पर चोट भी आई थी। हड्डी के कई हिस्सों में टूटने के कारण जोड़ने का ऑपरेशन संभव नहीं था।

उन्होंने बताया कि ऐसे में लेटेस्ट गाइडलाइन्स के अनुसार रिवर्स शोल्डर आर्थोप्लास्टी तकनीक का प्रयोग कर अत्याधुनिक उपकरणों की मदद से कंधे का प्रत्यारोपण किया गया। यह ऑपरेशन लगभग 3 घंटे तक चला और सामान्य कंधा प्रत्यारोपण की तुलना में कहीं अधिक जटिल था, क्योंकि इसमें शारीरिक संरचना के विपरीत बॉल और सॉकेट की पोज़िशन को रिवर्स किया जाता है।

बताया कि वर्तमान में मरीज की स्थिति बेहतर है और निरंतर फिजियोथेरेपी से वह काफी हद तक अपनी देखभाल स्वयं करने में सक्षम हो गई हैं। डिस्चार्ज के दौरान शशि चावला एवं उनके परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन व डॉ. शिवम मालवीय के प्रति आभार जताया।

डॉ. शर्मा ने बताया कि अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम 24 घंटे आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराती है। नियमित ओपीडी सेवाएं सुबह 9:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक संचालित होती हैं। इसके अतिरिक्त साधु-संतों एवं जरूरतमंद मरीजों के लिए निःशुल्क सेवाएं भी प्रदान की जाती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *