Dehradun: सीएम ने नगर निगम में ₹2 करोड़ 32 लाख 50 हजार की लागत से नवनिर्मित जुगमन्दर हॉल किया लोकार्पण

 

खबर काम की
देहरादून। मुख्यमंत्री धामी ने नगर निगम में ₹2 करोड़ 32 लाख 50 हजार की लागत से नवनिर्मित ऐतिहासिक जुगमन्दर हॉल का लोकार्पण किया। वहीं, उन्होंने केदारपुरम में एबीसी सेंटर में कैनाल निर्माण और शहर के छह विभिन्न स्थानों पर पार्कों के सौंदर्यकरण व विकास कार्यों का शिलान्यास भी किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार “विकास भी और विरासत भी” के मूल मंत्र पर कार्य कर रही है। आज का देहरादून अपनी समृद्ध पहचान को संजोते हुए आधुनिकता की ओर बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के शहरी क्षेत्रों को सुव्यवस्थित किया जा रहा है, जिसमें स्वच्छ भारत मिशन, अमृत योजना और स्मार्ट सिटी मिशन जैसी योजनाओं ने शहरों की सूरत बदल दी है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि देहरादून में ₹1400 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं पर काम चल रहा है, जिसका उद्देश्य इसे देश के शीर्ष स्वच्छ शहरों की श्रेणी में खड़ा करना है। शहर की बुनियादी सुविधाओं पर उन्होंने कहा कि कचरा प्रबंधन के लिए आधुनिक मैकेनाइज्ड ट्रांसफर स्टेशन और कूड़ा वाहनों की रियल-टाइम मॉनिटरिंग के लिए कमांड सेंटर बनाए गए हैं।

सीएम ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में 30 इलेक्ट्रिक बसें संचालित हैं। 11 चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए गए हैं। उन्होंने दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस वे पर कहा कि इसके शुरू होने के बाद बढ़ने वाले ट्रैफिक दबाव को देखते हुए रिस्पना और बिंदाल नदियों पर एलिवेटेड रोड बनाने की योजना तैयार की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने नगर निगम के राजस्व में 40 प्रतिशत की वृद्धि और डोर-टू-डोर कूड़ा उठान वाहनों की संख्या 200 से बढ़कर 300 होने पर निगम की सराहना की। उन्होंने कहा कि सरकारी भूमि पर अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों को इसे मुक्त कराने के निर्देश दिए।

मौके पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, राम सिंह कैड़ा, खजान दास, मेयर सौरभ थपलियाल, विधायक उमेश शर्मा काऊ, सविता कपूर, सहदेव सिंह पुंडीर, नगर आयुक्त नमामि बंसल आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *