12.17 करोड़ की लागत से देहरादून-मसूरी मार्ग पर बनेगा नया डबल लेन पुल,कैबिनेट मंत्री ने किया शिलान्यास

 

खबर काम की
देहरादून। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने देहरादून-मसूरी मोटर मार्ग पर डबल लेन पुल का शिलान्यास किया। लगभग 12.17 करोड़ की लागत से प्रस्तावित पुल शिव मंदिर के निकट क्षतिग्रस्त पुल के स्थान पर बनाया जाना है।

मंत्री ने सेतु निर्माण को स्वीकृति देने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। कहा कि देहरादून-मसूरी मार्ग पर्यटन और स्थानीय आवागमन की दृष्टि से महत्वपूर्ण है।

आपदा में टूटा था पुराना पुल

वर्ष 2025 में आई आपदा के दौरान इस स्थान पर मौजूद पुल क्षतिग्रस्त हो गया था। इसके बाद आवागमन के लिए वैकल्पिक रूप से वैली ब्रिज का निर्माण किया गया।

60 मीटर लंबा होगा नया पुल

लेनिवि के अधिशासी अभियंता राजेश कुमार ने बताया कि राज्य योजना के अंतर्गत देहरादून-मसूरी राज्य मार्ग के किमी 18 पर 60 मीटर स्पान का डबल लेन स्टील बॉक्स सेतु बनाया जाएगा। परियोजना में पाइल फाउंडेशन, आरसीसी एबटमेंट, स्टील गर्डर संरचना, 7.50 मीटर चौड़ा टू-लेन कैरिजवे, दोनों ओर 3-3 मीटर फुटपाथ, रेलिंग और क्रैश बैरियर जैसी सुरक्षा व्यवस्थाएं शामिल होंगी। परियोजना की कुल लागत 12.17 करोड़ रुपये निर्धारित है। पुल निर्माण की डेडलाइन 21 अगस्त 2026 तक है।

कार्यक्रम में यह रहे मौजूद
शिलान्यास कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी, भाजपा प्रदेश मंत्री नेहा जोशी, मंडल अध्यक्ष राजीव गुरुंग, रजत अग्रवाल, जिला पंचायत सदस्य वीर सिंह चौहान, ज्योति कोटिया, सुन्दर सिंह कोठाल, वंदना बिष्ट, होटल एसोसिएशन अध्यक्ष संजय अग्रवाल आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *