Dehradun: सीएम धामी ने पौधे रोपकर 3-बी गार्डन निर्माण का किया शुभारम्भ 

 

 

खबर काम की
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास परिसर में कृष्णा वट के पौधे को रोपकर 3-बी गार्डन निर्माण का शुभारम्भ किया। यह उद्यान मधुमक्खियों, तितलियों और पक्षियों के संरक्षण व संवर्धन के दृष्टिगत विकसित किया जा रहा है।

सर्किट हाउस स्थित राजकीय उद्यान में 3-बी (बी-फ्रेंडली, बटरफ्लाई-फ्रेंडली एवं बर्ड-फ्रेंडली) गार्डन में परागण और जैव विविधता वाली प्रजातियों के पौधों को रोपा जा रहा है। यहां कीटनाशकों व हानिकारक रसायनों के उपयोग पर प्रतिबंध रहेगा। इस पहल से मधुमक्खी पालन के साथ जैव विविधता संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर उद्यान प्रभारी दीपक पुरोहित द्वारा उपयुक्त पौध प्रजातियों के चयन व रोपण का कार्य प्रारम्भ किया गया। उद्यान में जामुन, शहतूत, सहजन, कदम्ब, कपूर, गुड़हल, अमरूद, नीम, बांस, बॉटल ब्रश, जीनिया, कॉसमॉस, पेंटास, मिल्कवीड, पैशन फ्लावर, हमेलिया, इक्जोरा, तुलसी, लैवेंडर, सूरजमुखी, रोजमेरी और पुदीना आदि के पौधे लगाए जा रहे हैं।

इसके अलावा परिसर में पुराने व जीर्ण-शीर्ण वृक्षों के समीप नए पौधों का रोपण भी शुरू किया गया है। उच्च हिमालयी एवं पर्वतीय क्षेत्रों में पाए जाने वाले बांज, बुरांश, तेजपत्ता और पया प्रजाति के पौधे भी लगाए गए हैं, जो परिसर की प्राकृतिक सुंदरता को बढ़ा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने पर्यावरण संरक्षण संबंधी कार्यों की सराहना करते हुए मधुमक्खी पालन गतिविधियों के विस्तार के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। मौके पर सचिव शैलेश बगौली, निदेशक उद्यान डॉ. आर.के. सिंह और नरेन्द्र यादव मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *