Dehradun: मुख्यमंत्री धामी ने पीसीएस के 182 समेत 187 अभ्यर्थियों को सौंपे नियुक्ति पत्र

 

 

 

खबर काम की
देहरादून।  मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की पीसीएस मुख्य परीक्षा-2024 में चयनित 182 और कृषि एवं कृषक कल्याण विभाग में वैयक्तिक सहायक पद के पांच अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे।

मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम में सीएम धामी ने कहा कि नियुक्ति पत्र केवल सरकारी सेवा में प्रवेश का दस्तावेज नहीं, बल्कि सवा करोड़ उत्तराखंडवासियों के विश्वास, अपेक्षाओं और जनसेवा के संकल्प का प्रतीक है। कहा कि किसी अधिकारी की पहचान उसके पद से नहीं, बल्कि उसकी कार्यशैली, संवेदनशीलता और जनसेवा के प्रति समर्पण से होती है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि पीसीएस मुख्य परीक्षा-2024 के लिए करीब डेढ़ लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया और 71 हजार से अधिक परीक्षा में शामिल हुए। जिनमें से चयन केवल 182 हुआ। जो उनकी प्रतिभा, कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प का परिणाम है।

धामी ने कहा कि राज्य सरकार ने भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए देश का सबसे कठोर नकल विरोधी कानून लागू किया है, जिससे युवाओं का भरोसा मजबूत हुआ है। उन्होंने कहा कि बीते साढ़े चार वर्षों में सरकार 34 हजार से अधिक युवाओं को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से सरकारी सेवाओं में नियुक्ति दे चुकी है।

मुख्यमंत्री ने चयनित अधिकारियों से विकसित उत्तराखंड के निर्माण में निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ योगदान देने का आह्वान किया।

मौके पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, डॉ. धन सिंह रावत, रामसिंह कैड़ा, विधायक सविता कपूर, गोरखा कल्याण परिषद अध्यक्ष ज्योति कोटिया, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, सचिव शैलेश बगौली, दिलीप जावलकर, रविनाथ रमन, चंद्रेश कुमार, बृजेश कुमार संत, विनय शंकर पांडेय, एस.एन. पाण्डेय, डीजी होमगार्ड डॉ. पी. वी. के प्रसाद, डीजी अभिसूचना एवं सुरक्षा अभिनव कुमार, एडीजी डॉ. वी. मुरुगेशन, अपर सचिव नवनीत पाण्डेय आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *