खबर काम की
देहरादून। समस्याओं के निराकरण और आमजन तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए जारी ‘जन जन की सरकार-जन जन के द्वार’ कार्यक्रम के दूसरे चरण में अब तक 1.34 लाख लोग जुड़ चुके हैं। अभियान के दोनों चरणों में कुल जनभागीदारी साढ़े 6 लाख के पार पहुंच गई है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर प्रदेशभर में संचालित अभियान में लोगों को जहां समस्याओं का त्वरित समाधान मिल रहा है, वहीं समाज कल्याण पेंशन, आयुष्मान कार्ड, चिकित्सा उपकरण, कृषि उपकरणों सहित अन्य सेवाएं भी निःशुल्क प्रदान की जा रही हैं।
अभियान के तहत जिला, ब्लॉक और तहसील स्तर पर विशेष शिविरों का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें संबंधित विभागों के अधिकारी- कर्मचारियों द्वारा जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में समस्याओं का निराकरण किया जा रहा है। शिविरों में पात्र लोगों को विभिन्न सरकारी योजना का लाभ देने के साथ ही विभिन्न प्रमाणपत्र भी बनाकर दिए जा रहे हैं।
चार जुलाई से शुरू अभियान के दौरान अब तक 198 शिविर आयोजित हो चुके हैं। जिसमें मानसून के बावजूद 1,34,740 लोगों ने प्रतिभाग किया है। इस दौरान प्राप्त 23,219 शिकायतों में से 20,808 का मौके पर निस्तारण किया गया। जबकि 81,753 लोगां को योजनाओं का लाभ दिया गया।
मुख्यमंत्री का इस बात पर जोर है कि लोगों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़े। जिसके तहत प्रदेश सरकार ने दिसंबर 2025 से 45 दिन का ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान शुरू किया था। अभियान में 681 शिविर आयोजित हुए। जिसमें 5,33,452 नागरिकों ने प्रत्यक्ष भागीदारी की और करीब 33 हजार शिकायतों निस्तारण किया गया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि इस अभियान के तहत प्रशासन स्वयं लोगों के बीच पहुंचकर उनकी शिकायतों का निस्तारण कर रहा है। पात्र लाभार्थियों को कल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी दिया जा रहा है। कहा कि हमारी सरकार सरलीकरण, समाधान और जनसंतुष्टि के संकल्प और जनसेवा को समर्पित है।
