Tunnel hadsa: 13 अगस्त को हुए हादसे में लापता दोनों श्रमिकों के शव बरामद, सर्च ऑपरेशन पूरा

 

खबर काम की
गोपेश्वर।  मायापुर (पीपलकोटी) स्थित टीएचडीसी की विष्णुगाड-पीपलकोटी जलविद्युत परियोजना की निर्माणाधीन टनल में 13 अगस्त को हुए हादसे के बाद जारी रेस्क्यू अभियान में मंगलवार को लापता दोनों श्रमिकों के शव बरामद कर लिए गए हैं। दोनों शवों को जिला चिकित्सालय गोपेश्वर भेज दिया गया है।

रेस्क्यू टीमों ने टनल के भीतर लगातार सघन सर्च अभियान चलाते हुए संभावित स्थानों की तलाश की। अभियान के दौरान टनल में जमा मलबे और कीचड़ को हटाने के साथ पानी की निकासी भी की गई। जिससे रेस्क्यू टीमों की आवाजाही सुगम हो सकी।

बरामद शवों में से एक की शिनाख्त लुकास टोपनो (31) पुत्र बोयसा टोपनो, निवासी ग्राम सीमरटोली, पोस्ट कामरा, जिला खूंटी, झारखंड के रूप में हुई है। दूसरे शव की शिनाख्त की प्रक्रिया जारी है।

हादसे के समय टनल में कुल 22 श्रमिक मौजूद थे। इनमें से 12 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था, जबकि आठ श्रमिकों की मौत हो चुकी थी, दो श्रमिक लापता थे। मंगलवार को दोनों लापता श्रमिकों के शव मिलने के साथ उनकी तलाश पूरी हो गई।

रेस्क्यू अभियान में जिला प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और संबंधित विभागों की टीमें जुटी रहीं। अभियान की लगातार निगरानी करते हुए आवश्यक संसाधन और उपकरण मौके पर उपलब्ध कराए गए।