Rishikesh: बदरीनाथ हाईवे मालाकुंठी के समीप भीषण हादसा, भाई-बहन की मौत, दो घायल एम्स में भर्ती

 

 

 

खबर काम की
ऋषिकेश। बदरीनाथ हाईवे पर मालाकुंठी के समीप सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में श्रीनगर निवासी भाई-बहन की मौत हो गई, जबकि कार में सवार दो अन्य लोग घायल हो गए। तेज रफ्तार में हुई आमने-सामने की भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि स्विफ्ट कार डंपर के नीचे जा घुसी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला।

थाना मुनिकीरेती प्रभारी निरीक्षक प्रदीप चौहान ने बताया कि स्विफ्ट कार में चार लोग सवार होकर ऋषिकेश से श्रीनगर की ओर जा रहे थे। मालाकुंठी के समीप एक मोड़ पर श्रीनगर की ओर से आ रहे डंपर से कार की आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और वाहन डंपर के नीचे जा घुसा।

दुर्घटना में कार चला रहे ऋषभ सेमवाल और उनकी बहन रक्षा सेमवाल, निवासी डांग, श्रीनगर, की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पीछे की सीट पर बैठे दो अन्य लोग घायल हो गए। दोनों घायलों को तत्काल रेस्क्यू कर एंबुलेंस के माध्यम से एम्स ऋषिकेश पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। पुलिस घायलों की पहचान और उनके पते की जानकारी जुटा रही है।

एसडीआरएफ ने चलाया रेस्क्यू अभियान
हादसे की सूचना मिलते ही मुनिकीरेती पुलिस और एसडीआरएफ की टीम घटनास्थल पर पहुंची। मुख्य आरक्षी मोहन सिंह के नेतृत्व में एसडीआरएफ टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण उसमें फंसे लोगों को बाहर निकालने में टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी। आवश्यक उपकरणों की मदद से चारों लोगों को कार से बाहर निकाला गया।

हादसे में जान गंवाने वाले भाई-बहन के पिता सिंचाई विभाग में प्रशासनिक अधिकारी बताए जा रहे हैं। रक्षा सेमवाल कीर्तिनगर स्थित अस्पताल में लैब टेक्निशियन के पद पर कार्यरत थीं। वहीं ऋषभ सिंचाई विभाग में एक अवर अभियंता (जेई) के साथ अस्थायी तौर पर कार्य करता था। हादसे की सूचना पुलिस ने मृतकों के स्वजन को दे दी है।पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर रही है।